सबसे अच्छा कंटेंट अभी बाकी है, आते रहिएगा

15 September, 2022

दक्षिण भारत वाले क्या हमारी ही तरह मूर्ख हैं जो अपनी लुटिया डुबो लें

हिन्दी दिवस के बहाने इसकी दुर्दशा पर विधवा विलाप करने वाले, उधार की जुबान बोलने व खिचड़ी संस्कृति जीने वाले। भाषाई गुलामी के शिकार हम नकलची पुरबिये। काश अपनी मातृभाषा भोजपुरी, अवधी, ब्रज, बज्जिका, अंगिका, मगही, बुंदेलखंडी आदि के लिए भी एकजुट होकर आवाज उठाए रहते, तो कबके भाषाई हीनता से उपर उठ गए होते। लेकिन अपनी भाषा, संस्कृति, पहचान, अस्मिता के हक में संघर्ष करें,  हमारे में वो स्वाभिमान है ही कहां।

हमें सीखना चाहिए दक्षिण भारत वालों से जो हमसे कई वर्ष आगे हैं। सिनेमा, साहित्य, कला, संस्कृति और आर्थिक स्तर पर भी। वे तो कभी अपनी मातृभाषा मलयालम, कन्नड़, तमिल, तेलगु, उड़िया का तिरस्कार कर हिन्दी का रोना नहीं रोते। और जब उनकी मातृभाषा पर मजबूत पकड़ है तो इसी आत्मविश्वास के सहारे अंग्रेजी में भी आगे रहेंगे ही। 

लेकिन उनसे सीखना तो उल्टे दक्षिण भारत वालों को ही हम अक्सर हिन्दी सीखने-पढ़ने की नसीहत देते नजर आते हैं। आखिर चाहते क्या हैं हम। जिस तरह हमने मातृभाषा का त्याग कर हिन्दी का भार उठा-उठाकर अपनी लुटिया डुबाई। दक्षिण वाले भी उसी राह पर चलें। 

वाह भाई वाह! कितने बुरबक हैं हम 'गोबर पट्टी' माफ करें हिन्दी पट्टी वाले और पतनशील भी। इतना भी भेजा में नहीं सोच पाते कि कोई पिछड़ा ही किसी विकसित की नकल करता है, विकसित पिछड़े की नहीं। वैसे भी हम जैसे मूढ़ लोगों से आशा ही क्या की जा सकती है, जिन्हें अपनी मातृभाषा को ही बोली कहने में जरा भी शर्म नहीं आती।

@श्रीकांत सौरभ



26 April, 2022

ORGASM... हंगामा है क्यों बरपा???

ऑर्गेज्म यानी चरमोत्कर्ष... यह शब्द कुछ दिनों से फेसबुक पर ट्रेंड में है। और टारगेट में हैं लेखिका सह पत्रकार अणुशक्ति सिंह। हालांकि इसके अर्थ के बारे में हम यहां कोई चर्चा नहीं करेंगे। जिज्ञासा शांत करने के लिए आप गूगल से लेकर यूट्यूब तक पर सर्च कर भरपेट जानकारी ले सकते हैं। अंग्रेजी में बेहतर ढंग से परिभाषित कंटेंट मिल जाएंगे। 

भारत में सेक्स जैसे मुद्दे को लेकर शुरू से ही टैबू रहा है। शुरू से मतलब सभ्यता के जन्म से। शायद हिप्पोक्रेसी में जीना हमारे जीन में शामिल है। जहां कंबल में मुंह ढककर घी पीना सनातनी परंपरा है। तभी तो हम जानबूझकर भी भूल जाते हैं या नासमझ होने का ढोंग करते हैं कि 'कामशास्त्र' जैसी कालजयी किताब के लेखक वात्स्यायन यहीं के थे। 

काम व तंत्र कला को प्रदर्शित करती खजुराहो, सूर्य मंदिर, मोढ़ेरा, भोरमदेव, रणकपुर, हम्पी का विरूपक्षा मंदिर, अजंता व एलोरा की रहस्मयी मूर्तियां भी यहीं पर बनी हैं। 

आज के फाइव जी दौर में जहां सूचना सबकी हथेली में है। किसी से कुछ भी छुपा नहीं रहा। लोगों को रील पर अर्धनग्न कपड़े पर फूहड़ गाने कमर मटकाती नवयौवनाओं से, रियल्टी के नाम पर टीवी सीरियल, वेब सीरीज में परोसी जा रहीं अश्लीलता से कोई आपत्ति नहीं है। 

क्या इन सबसे यौनिक कुंठापन को बढ़ावा नहीं मिलता। लेकिन विरोध के बजाए जिसको जहां मौका मिलता है, फेसबुक, इंस्टाग्राम, अल्ट, उल्लू, नेटफ्लिक्स, अमेजन जैसे एप्प पर नयन सुख लेने से नहीं हिचकता। 

देश में पोर्न बैन होने के बावजूद वीपीएन, प्राइवेट ब्राउजर से रियल स्कैंडल, एमएमएस, वायरल, लीक वीडियो, क्लिप देखने वालों की कमी नहीं। अंतराष्ट्रीय सर्वे में तो आ ही चुका है कि भारत में सबसे ज्यादा पोर्न देखा जाता है। लेकिन एक प्रगतिशील विचारधारा की अणु ने नारीवाद के पक्ष में ऑर्गेज्म को लेकर एक पोस्ट क्या डाला। लंगोट के पक्के 'मां भारती के सपूतों' में वैचारिक स्खलन हिलोरें मारने लगा है। जितने मुंह उतनी बातें हो रही हैं। मामला दक्षिणपंथ बनाम वामपंथ तक पहुंच गया है। 

यदि उन्होंने लिख भी दिया तो इसमें अनैतिक क्या है। क्या उनका लिखना आत्ममुग्धता है। क्या उन्होंने महज पब्लिसिटी के लिए कपोल-कल्पित बातें लिखीं हैं। यदि हां तो इस पर बहस के लिए कुछ बचता नहीं। यदि नहीं तो तो कभी न कभी, किसी न किसी को इस बाबत पक्ष रखना ही था। जिन्हें उनका पोस्ट अनैतिक लग रहा है। वे बता सकते हैं कि नैतिकता का पैरामीटर क्या है।

एक तरफ हम महिला सशक्तिकरण के नाम पर उनके हिमायती होने का ढोंग करते हैं। दूसरी तरफ कोई महिला किसी गंभीर विषय पर सवाल उठाती है तो लंपटता की हद तक उसे नीचा दिखाने की ताक में पड़ जाते हैं। इस तरह की दोहरी मानसिकता से हम कब बाज आएंगे। 

अणु वर्षों से मेरी फेसबुक मित्रता सूची में शामिल हैं। वे अनेक मुद्दे पर बेबाकी से बातों को रखती हैं। गाहे-बगाहे उन्हें पढ़ते रहता हूं। एफबी प्रोफाइल के मुताबिक उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी विवि से जनसंसचार की पढ़ाई की है। बीबीसी जैसे नामचीन संस्थान में काम कर चुकी हैं। और सबसे बड़ी बात कि सुदूरवर्ती सहरसा जैसे पिछड़े जिले से निकली हैं। ये जिला बिहार में आता है। वहीं बिहार जहां किसी समय औरतों की अनगिनत समस्याओं को उजागर करने के लिए भिखारी ठाकुर को लौंडा बनना पड़ा था। 

लेकिन एक महिला की दमित भावना को कोई महिला ही व्यक्त करें वो हमें कतई मंजूर नहीं। इसीलिए हम हर उस पोस्ट पर चील-पों मचाने लगाते है जो पुरुषवादी सामंती सोच को चुनौती देता है। क्या ये सामाजिक विडंबना नहीं मानी जाएगी, जिसमें ऑर्गेज्म को चरित्रहीनता से जोड़कर देखा जा रहा है। 

जबकि सर्वे के आधार पर बकौल अनु जी, 70 प्रतिशत महिलाओं में ऑर्गेज्म की कमी वाली बात मान लें। तो इसका सबसे बड़ा कारण 70 प्रतिशत पुरुषों का सेक्स को लेकर सही ज्ञान नहीं होना निकलकर आएगा। अन्यथा राजधानी दिल्ली, लखनऊ से निकले 'खानदानी शफाखाना' जैसी टेंटनुमा दुकानें मोतिहारी, बेतिया, दरभंगा तक फलते-फूलते नजर नहीं आतीं। 

बजाप्ता विज्ञापन देकर जापानी तेल, सांडा तेल आदि कई प्रकार की दुर्लभ जड़ी-बूटियों के सहारे यहां छोटापन, पतलापन, टेढ़ापन, धात गिरना, शीघ्रपतन का सफलतापूर्वक इलाज घण्टों में करने का दावा किया जाता है। जबकि डिग्रीधारी सेक्स विशेषज्ञों की माने तो 99 प्रतिशत मामलों में ऐसी कोई बीमारी होती ही नहीं। 

ये एक तरह का दिमागी लोचा है। अधिकांश का इलाज मनोविज्ञान के सहारे होता है। दुर्भाग्य से किसी भी स्कूल या कॉलेज में इसकी पढ़ाई नहीं होती। किशोरावस्था से लेकर शादी होने तक युवा अपनी मित्रमंडली से जो कुछ सीखते हैं। उसी को परम सत्य मान लेते हैं। 

हालांकि कुछ मायनों में आज की पीढ़ी भाग्यशाली है कि सूचना पाने के लिए कई तरह के डिजिटल प्लेटफॉर्म मौजूद हैं। लेकिन सूचना और ज्ञान में फर्क होता है। ज्ञान कक्षा में, किताबों से, गुरु से मिलता है। इसकी बदौलत हम पहचान करते हैं कि मिल रही सूचना सही है या गलत। और हमारे यहां तो इस विषय का कोई चैप्टर होता नहीं। 

हम उम्र के लोग भी सार्वजनिक रूप से इस सब पर चर्चा करने से बचते हैं। चर्चा करते भी हैं तो गूगल, यूट्यूब से चोरी-छुपे मिली जानकारी के आधार पर। जिसकी प्रमाणिकता पर हमेशा संशय बरकरार रहेगा ही, वैसे महानुभावों की भी कमी नहीं रहेगी, जो धूल चेहरे पर जमी होगी और हाथ आईने पर फिराते रहेंगे।

©️श्रीकांत सौरभ





28 January, 2022

चिट्ठी आई है, आई है...

प्यारी पिरीति,

Love you forever but miss you so much!!!

हमको पता है ई चिठी तुम कबो नहीं पढ़ पाओगी। तभियो लिख रहा हूं। आंख भारी है और मन रो रहा है तुमको इयाद करके! सन 21 का करोना लमहर दरद देकर गया है। बस एतने जान लो, सबका कुछ न कुछ जरुरे लुटाया है। 

केतना सुहागिन के माथ का सेनुर मिट गया! केहु के मां-बाप छीनकर अनाथ बना दिया! त केहु से पत्नी आ बेटा छीन लिया! केतना लोग ठीक होखला के बादो रोजे मर-मरके जी रहा है। स्टूडेंट सबके पढ़ाई नास हो गया।

एतना महंगाई के जमाना में जेकर रोजी-रोजगार चउपट हो गया! ओकर जियल भी आसान है का! हमारा तो सब ठीके जा रहा था। मने तुम्हीं न बीचे रास्ता में छोड़के चली गई! 

अब केकरा से बताए, का सुनाए, हमारा क्या उजड़ गया। बिना बंधाए जाने कवन सा रिस्ता जुड़ गया था तुमसे। 

जिनगी भर इयाद रहेगा दू मई, सन 21 का ऊ मनहूस दिन। जहिया मोतिहारी के एगो अस्पताल में तुम्हारा परान निकला था।

सात दिन के देह तोड़ बोखार के बाद तुमको घर वाले दिखाने ले गए। कोई निमुनिया बता रहा था कोई टीबी, जेतना मुंह ओतना बात। बहुते जोर से दम फुल रहा था। 

सीटी चेक में आया कि तोहार लंग्स खराब हो गया था। सबेरे भरती हुई, ऑक्सीजन लगाया गया। और रात होते-होते करोनवा तुमको भी ले उड़ा।

ख़ैर छोड़ो, जानती हो परसो ही पंजाब से आया हूं। एतना ठंडी में पछुआ बेआर हाड़ को छेद रही है। आजु तनिका धूप देखा त दखिन टोला सरेह में घूमे चल दिया। अरे घूमेंगे का, बिलाला जइसन बउरा रहे हैं। 

इहवां जेने नजर दौड़ाओ, लगता है हरिहर धरती पर पियरका चादर बिछा दिया गया है। रह-रहके मन करता है गेहूं के खेत में नुकाके बइठ जाए। फुलाइल सरसों, तीसी, मटर से जी भर बतिआए। निरहुआ के गाना, ओढ़नी के रंग पियर जादू... पर डांस करें। आ मोबाइल से एगो गारदा भिडियो बनाए, फेसबुक रील, इंस्टा पर डाले दें। 

मने भाक ! दिखाएंगे किसको। जब तुम्हीं नहीं हो त ई सब बेकारे नु है। यहीं सोंचकर रोआई आवे लगता है, एकदम से भकुआ हो गया हूं। यहीं टाली पर वाला खेत है न, जहां एक बरस पहले मिले थे। साग खोंटने के बहाने हेमवा के संगे आई थी। 

केतना सुनर लग रही थी तुम पियरका शूट में। तोहरा आ सरसों के फूल में कंपीटिशन हो गया था। समझे में नहीं आ रहा था पहले किसको निहारे!

खूब बतकही हुई था, हमनी दुनु जने में। तुम अरेराज डिग्री कॉलेज में बीए में नाम लिखवाई थी। मैंने सोनगंज इंटर हाई स्कूल से दोबारा आईए का फारम भरा था। मार्च में एक्जाम होने वाला था। 

तुमने किरिया धरा दिया था हमको, आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए। असो के फगुआ में मिलने का वादा भी था हुआ। हम एक्जाम के बाद पापा के पास लोधियाना चले गए, कम्बल फैक्ट्री में कमाने। दीदी के बियाह में महाजन का बहुते करजा चढ़ गया था। 

उहवे जिस दिन रिजल्ट आया। तहिया खराब-खराब सोचके बड़ी जोर से करेजा धुकधुका रहा था। नरसिंग बाबा का धेआन कर मोबाइक पर चेक किया। सेकेंड डिवीजन आया था। 

अबकी सोनुआ बहुते हेल्प किया पास करने में। गेस का जेतना पन्ना फाड़ कर ले गया था, सब लड़ गया।  खुशी के मारे छउकने का खेयाल आ रहा था कि तुमको इयाद कर अचानक दिल बैठ गया। 

तुमने किरिया धराया था पढ़ाई नहीं छोड़ने के लिए। इहे सोचकर लोधियाना में ही इग्नू में बीए ओनर्स में एडमिशन करा लिए। बिना अंगरेजी आ कंप्यूटर सीखे अब कवनो नोकरी में काम नहीं चलने वाला। एहि से स्पोकन कोर्स भी जॉइन कर लिया हूं। संगे-संगे भर्ब, टेंस, नाइरेशन, एमएस वर्ड, एक्सल भी चल रहा है। 

एने जहिया से गांवे आया हूं, कुछो आछा नहीं लग रहा। आंखि के सोझा हर समय तुम्हारा ही चेहरा घूमते रहता है। कबो मन करता है कि आरके सर के कोचिंग में जाकर पछिला बरेंच पर बैठ जाए। कम से कम उहां तो भेंटा जाओगी। 

त कबो सोचते हैं कि चउक पर सबेरे सात बजे खदेरना के पान दोकान पर खड़िया जाए। और तुम साइकिल से गुजरते हुए एक झलक लउक जाती। 

मने ई सब सोचल पागलपने नु है। जे चला जाता है ऊ लवट के कहां आता है। आ केहु के जाने से दुनिया खतम भी तो नहीं हो जाती। ई त अपनी रफ्तार में चलती रहती है। मने इहो सांच है कि जेकरा दिल पर बीतता है उहे बुझता है। बिल्कुल ई शायरी के जइसन - 

"तनहा रहल त मोह$बत करे वाला क रसम-वफा हवे

जदि फूल खुशी खातिर रहित त जनाजा प ना चढ़ित"

तुम्हारा पिरितम

©️श्रीकांत सौरभ



02 January, 2022

यकीन मानिए भोजपुरी से आप हैं, भोजपुरी आपसे नहीं

 बदलते दौर के साथ भोजपुरी इंडस्ट्री में ना जाने कितने गायक, कलाकार, अभिनेता उभरे, चमके हैं। लेकिन पवन सिंह और खेसारीलाल यादव की ठसक कुछ अलग ही है। दोनों जने का सौतिनिया डाह तो जगजाहिर है। अक्सर विवादों में पड़कर चर्चा में बने रहते हैं। वैसे कहा जाता है कि किसी अयोग्य को कम समय में दौलत व शोहरत मिल जाए तो पचा नहीं पता। 

वहीं ज्योतिषशास्त्र की मानें तो कुंडली में शुक्र ग्रह के बलवती होने से आदमी को कला के क्षेत्र में भरपूर सफलता मिलती है। लेकिन यह ग्रह रसिया (चरित्रहीन) और नशेड़ी भी बनाता है। इन विवादों के पीछे की एक वजह ये भी है। जिससे इंकार नहीं किया जा सकता। भले ही पवन ने भक्ति गाने से पहचान बनाई थी और खेसारी ने 'देवरा चूसता...' गाकर। एक को हारमोनियम बजाने आता है, दूसरे को नहीं। 

लेकिन ये भी सच है कि लोक प्रचलित होने से दोनों ही कथित स्टार कहलाते हैं। जिम में अच्छी-खासी बॉडी बना लिए हैं। इनके फेसबुक व यूट्यूब पर लाखों की संख्या में व्यूअर, फैंस हैं। एक रात के स्टेज शो का लाखों रुपए लेते हैं। मुम्बई में फ्लैट, बीएमडब्ल्यू, मर्सडीज, फॉर्च्यूनर और जाने कितनी लग्जरी गाड़ियों के मालिक हैं। प्लेन से अक्सर विदेशों की यात्रा कर रहे हैं।

यहीं नहीं इन दोनों के अलावे अन्य कइयों ने भी भोजपुरी मनोरंजन के नाम पर पुरानी धुनों का रीमिक्स कॉकटेल परोसा है। लेकिन सवाल तो उठता है कि आपने सॉफ्ट पोर्न कंटेंट की आमदनी से जमाने भर का सुख हासिल तो कर लिया। बदले में आपने भोजपुरी को दिया क्या? यहीं न कि आज पढ़े-लिखे परिवारों में 'गंदी भाषा' के रूप में इसकी उपेक्षा की जाती है। देहातों तक में बच्चों को भोजपुरी में बतियाने से रोका और हिंदी के नाम पर 'अधबेसर जुबान' को बढ़ावा दिया जा रहा है। 

मिस्टर पवन, खेसारी, कल्लू, गोलू, रंगीला, रसिया आप जो भी हों, कान खोलकर सुन लीजिए। भले ही आप खुद को भोजपुरी का अलाना, फलाना स्टार मानते हैं। लेकिन सच्चाई यहीं है कि आर्केस्ट्रा में आपके फुहर पॉप पर कमर मटकाने वाला भोजपुरिया समाज घर में भोजपुरी गाना आते ही चैनल बदल देता है। मोबाइल की आवाज को कम या म्यूट कर देता है। आप जैसे कलाकारों की बदौलत ही यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक पेज व रील पर 90 प्रतिशत अश्लील भोजपुरी कंटेंट भरे पड़े हैं। जहां आपकी हैसियत एक नचनिया और लवंडा से ज्यादा की नहीं है।

यकीन रखिए, बाजार में भंजाने के लिए तैयार किए गए आपके द्विअर्थी कंटेंट समय के साथ भुला दिए जाएंगे। आपकी तमाम उपलब्धियां का, जिसमें मौलिकता है ही नहीं, किसी दिन कचरे की ढेर में जाना तय है। 

हम 20 करोड़ भोजपुरी भाषियों के पास आज भी गिनाने के लिए महेंद्र मिश्र, भिखारी ठाकुर, लक्ष्मण शाहाबादी, चित्रगुप्त, मोती बीए, शैलेन्द्र, नजीर हुसैन, मो. खलील, शारदा सिन्हा, चंदन तिवारी, भरत व्यास, गायत्री ठाकुर, विष्णु ओझा, मदन राय, गोपाल राय, शैलेन्द्र मिश्रा, अमित उपाध्याय, राहुल सांकृत्यायन जैसे दर्जनों थाती हैं। वर्षों से घर-आंगन में नानी, दादी, मां फुआ, बहनों द्वारा सामुहिक रूप में गाए जा रहे कजरी, पूर्वी, निर्गुण, सोहर, वैवाहिक नेग के गाने हैं। 

इन पर आने वाली पीढ़ी युगों-युगों तक रस्क महसूस करेगी। हमें गर्व होना चाहिए, भारत समेत दुनिया के तमाम शहरों में रोजगार के लिए प्रवास कर रहे उन हजारों कलाकारों, लेखकों, कवियों, निर्देशकों, बुद्धिजीवियों, विचारकों पर। जो अलग-अलग माध्यम से भोजपुरी की गरिमा बढ़ाने के लिए निस्वार्थ लगे हैं। मातृभाषा के विकास के लिए इनकी मुहिम एक दिन निश्चित रंग लाएगी।

©️®️श्रीकांत सौरभ



पुरानी जींस और गिटार...

चुरा लिया है तुमने जो दिल को..! दम मारो दम मिट जाए गम फिर बोलो सुबह शाम...! नीले नीले अंबर पर चांद जब आए, ऐ मेरे हमसफ़र एक ज़रा इंतज़ार..! ओ ओ जाने जाना ढूंढे तेरा दीवाना...! आंख है भरी भरी और तुम मुस्कुराने..! सन 1980 से लेकर वर्ष 00 तक के इन गानों में एक बात ख़ास है। सभी में म्यूजिक डायरेक्टर ने गिटार का भरपूर प्रयोग किया है। 

गिटार की धुन की मधुर लगती है। भले ही इसमें ठहराव नहीं होता। फिर भी इसकी आवाज़ सीधे किसी के भी रूह को छू जाती है। हर आदमी के जीवन में एक पड़ाव जरूर आता है। जब वह किसी न किसी वाद्य यंत्र की ओर आकर्षित जरूर होता है। पूरी दुनिया के युवाओं में गिटार का जितना क्रेज़ है, उसकी दूसरी कोई सानी नहीं। 

गिटार सीखने के लिए महीनों कम पड़ जाएंगे। इसे सीखने के शुरुआती दिन भी कम कष्ट से भरे नहीं होते। रियाज़ के दरम्यान स्ट्रिंग्स (तारों) को दबाने से, बाएं हाथ की चार अंगलियों (अंगूठा को छोड़कर) का उपरी भाग घिस जाता है। किसी-किसी की अंगलियों से तो फटकर खून भी निकल जाता है। उनमें गड्ढे पड़ने से काले व बदसूरत दिखने लिखते हैं।

आप किसी एक वाद्य यंत्र में पारंगत हों तो अन्य इंस्ट्रुमेंट बजाना भी आसान हो जाता है। बता दें कि गिटार का अविष्कार 17वीं सदी में स्पेन में हुआ था। जबकि 18वीं सदी में ब्रिटेन के युवाओं पर यह छा गया था। गिटार दो तरह के होते हैं, हवाईयन और स्पेनिश। 'हवाईयन' में ठहराव होता है। इससे क्लासिकल सांग्स बजाए जा सकते हैं। लेकिन परेशानी ये है कि इसे पोर्टेबल रखकर बजाना पड़ता है। 

वहीं 'स्पेनिश' की धुन में ठहराव नहीं होने के बावजूद मोबिलिटी है। बिना किसी सहारे के कोई भी, कहीं भी खड़े होकर कॉर्ड बजाते हुए गा सकता है। यह लकड़ी से बना होता है जिसमें मोटे-पतले नायलॉन के छह स्ट्रिंग (तार) लगे होते हैं। इन्हें ट्यून करने के लिए छह घुंडियां भी लगी होती हैं। इसकी कीमत चार हजार से लेकर 50 हजार रुपए तक होती है। 

शुरु में सीखने के लिए चार हजार रुपए वाला एकॉस्टिक गिटार ही मुफ़ीद रहता है। इस पर अच्छे से कॉर्ड बजाया जा सकता है। सीखने के बाद ग्रुप परफॉर्मेंस या म्यूजिक कंपोज के दौरान लीड, बेस और रिदम बजाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक गिटार लिया जा सकेता है। जहां तक सीखने का सवाल है, यदि कोई पहले से किसी एक वाद्य यंत्र को बजाना नहीं जानता। उसे बुनियादी चीजें समझने में थोड़ा समय लगता है। 

ड्राइंग रूम की शोभा बढ़ानी या हाथों में लेकर फ़ोटो खिंचानी हो तो अलग बात है। लेकिन सही मायने यदि गिटार सीखने की ललक है। तो एक पुरानी कहावत है, "जल पियो छानकर, गुरू करो जानकर!" गुरु उसे ही बनाइए, जिसका ध्यान आपकी पॉकेट से ज़्यादा सिखाने पर हो। देश की किसी भी छोटे-बड़े शहर में ऐसे गुरुओं की संख्या भले ही कम है। लेकिन ढूंढने से तो भगवान भी..!

©️®️श्रीकांत सौरभ 





"बाछा आ बेटा के दूध पिआवल बांव ना जाला"

90 का दशक भुलाए नहीं भूलता। इसी दशक में बचपन और किशोरावस्था दोनों ही बीते। तब मनोरंजन महंगा लेकिन दूध सस्ता था। संयुक्त परिवार था हमारा, पूरी तरह किसानी पर आश्रित। भले ही तब मनोरंजन के साधन न के बराबर थे। लेकिन घर में दूध, दही व घी की कमी नहीं थी।

बाबा जी दरवाजे पर दो-दो भैंस पाल रखे थे। एक दूध देना बंद कर देती तो दूसरी वाली ब्याती। ईया मिट्टी के चूल्हे पर कड़ाही में दूध खौलातीं। और पझाने लिए छोड़ देतीं। थोड़ी देर में ही उसमें मोटी छाली पड़ जाती। एक बड़े ग्लास में छाली के साथ दूध पीने को मिलता। 

ईया अक्सर कहतीं, 'बाछा आ बेटा के दूध पिआवल बांव ना जाला।' ये कहने के पीछे उनकी पारंपरिक सोच थी कि दोनों ही जीव कमाने वाले होते हैं। इनसे ही गृहस्थी चलती है। 

दूध निकालने के बाद सितुआ के सहारे कड़ाही में जमी मोटी खखोरी भी निकाली जाती। हम बच्चे खूब चाव से उसका लुत्फ उठाते। स्वाद की वैसी परम् अनुभूति, आज गाय के या चलानी दूध से मिलने से रही। 

गोइठा की धीमी आंच पर नदिया में मीठा दही जमता। गंध इतनी सोंधी रहती कि चिउड़ा के साथ कोई भी एक-आध किलो दही गटक जाए। ईया सालों भर दही की छाली को एक बर्तन में इकठ्ठा करती रहतीं। फिर ‘रही’ से महकर 'लेउन' निकालतीं। 

लेउन को आग पर खौला कर ठंडा किया जाता तो घी बन जाता। इस प्रक्रिया में कड़ाही में कथई रंग की पपड़ी जम जाती। उसे 'दाढ़' कहते। खाने में कमाल का स्वाद लगता।

दुआरे पर चारा काटने, भैंसों को खिलाने लिए एक जाना रखा गया था। उसके साथ बाबा ‘लेडीकट्टा मशीन’ से चारा काटते। इस दौरान मैं भी मशीन का हैंडल साथ पकड़कर चलाता। 

यह एक तरह से जिम करने जैसा था। पूरे शरीर की कसरत हो जाती। कोई भी छह महीने लगातार मशीन चलकर चार काट ले तो सिक्स पैक एब्स बनना तय था। दोपहर में बाबा भैसों को चराने के लिए नहर की तरफ ले जाते। 

मैं भी इसी फ़िराक में रहता कि वे कब भैंस लेकर निकलें। सरेह में पहुंचते ही बाबा भैंस की पीठ पर बैठा देते। वह जब चरते हुए उबड़-खाबड़ रस्ते से गुजरती। उसकी मांसल पीठ से काफी गुदगुदी होती। 

भैंस की सवारी का वह रोमांच आज की स्कोर्पियो सरीखी लग्जरी गाड़ी में भी नहीं मिलेगा। एक दिन भैंस पर सवार मैं अपनी धुन में मगन था। बगल की झाड़ियों में कुछ खुरखुराने की आवाज आई। 

ये सुनकर भैंस उछलते हुए भागने लगी। इसी चक्कर में पगहा से मेरा हाथ छूट गया। फिर क्या था, मैं नीचे और भैंस का अगला पैर मेरे देह पर...। 

डरके मारे, अनहोनी की आशंका से आंखें बंद हो गईं। सेकेंड के सौवे हिस्से में मन में विचार आया, आज तो गया काम से। 

लेकिन गनीमत था कि उसका पिछला पैर मेरे सीने पर नहीं पड़ा। वरना परलोक सिधारने में कोई हर्ज नहीं था। मामूली चोट व खरोच आने के साथ सही-सलामत बच गया। फिर तो दोनों कान पकड़ इस मटरगश्ती से तौबा ही कर ली।

©️®️श्रीकांत सौरभ





सरसों आज भी खिलते हैं, लेकिन वो बचपन कैसे लौटे

'जरा सा झूम लूं मैं... अरे ना रे बाबा ना..!' यहीं गाना था, जिसे गाते हुए लाल फ्रॉक वाली बच्ची थिरक रही थी। पड़ोस के चाचा के यहां आई थी, जाड़े की छूट्टी में गांव घूमने। उसका परिवार मुम्बई में रहता था। मैं यहीं कोई 12 वर्ष का रहा होऊंगा। फुआ के साथ साग खोंटने सरेह वाले खेत में आया था। मक्के के खेत में बथुआ के खोंटनिहारों में जैसे होड़ सी लगी थी। मेरा काम कपड़े के झोले में साग बटोरना था।

वर्ष 95 की जनवरी की वह सर्द भरी दोपहर थी। हाड़ को छेदने वाली पछुआ ब्यार और आसमान में कुंहासे की एक महीन परत छाई थी। इनके बीच से छनकर आ रही सुनहली धूप में सरसों के पीले-पीले फूल रोमांचित किए जा रहे थे। तभी फुआ ने उस बच्ची को ओर देखते हुए कहा, 'ये लडक़ी जो गाना गा रही है। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म का है। आजकल 'विविध भारती' रेडियो स्टेशन से इसका गाना रोज बज रहा है। फिल्म के सारे गाने हिट हैं।'

तभी फुआ ने बच्ची को पास बुलाया। बोलीं, 'बाबू आप तो बहुत अच्छा डांस करती हो। कहां से सीखा।' उसने बताया, 'डेरा पर केबल टीवी लगा है। उसी पर गाना आता है इस फिल्म का। शाहरुख और काजल को देखकर सीखती हूं। उसका जवाब सुनकर, मुझे अपने घर वाले ब्लैक एंड व्हाइट सनमाईका टीवी पर तरस आने लगा।

एंटीना लगाकर दूरदर्शन देखते थे। जिसमें गाने के कार्यक्रम के नाम पर हर बुधवार व शुक्रवार की शाम 'चित्रहार', और रविवार की सुबह में 'रंगोली' का प्रसारण होता था। चित्रहार में वर्ष 90 के पहले वाले फिल्मों के गाने तो रंगोली में 70 के दशक वाले गाने थे। चाचा व बाबा के उम्र के लोगों को तो इस कार्यक्रम में काफी रस मिलता था। लेकिन मुझे उन दिनों पुराने गाने जरा भी नहीं सुहाते थे, बस हंकला कर प्रस्तुति देती अधेड़ एंकर हेमा मालिनी को छोड़कर। शायद मेरी उम्र का तकाज़ा था।

आज भले ही ब्लैक एंड व्हाइट जमाने के साथ हंसता हुआ वो बचपन भी बीत गया। ना तो मेरे पास फुआ-बहनें हैं। ना ही बच्चों की वो हमउम्र टोली और छुटपन का रोमांच है। फिर भी जाने क्यों, हर साल खेतों में फुलाए इन सरसों के फूलों को जब भी देखता हूं। मन नॉस्टैल्जिक होकर उसी दौर में लौट जाना चाहता है। सब कुछ भुलाकर, इन्हीं खेतों में उछल-कूद मचाने के लिए। हीरो बनकर इतराने के लिए।

©️®️श्रीकांत सौरभ 





नववर्ष 2022 की पाती...

डियर 2022,

हैपी न्यू ईयर!!!

तुम्हें विश तो कल ही करना चाहता था। लेकिन हिम्मत नहीं हुई, उस मनहूस वर्ष के आखिर दिन में...। नया-नया आए हो, इसलिए तुमसे ओरहन नहीं है। लेकिन बीते दो वर्षों ने हम करोडों मनुष्यों पर जो जुलुम किया है। उसका घाव भरने में जमाना लगेगा। हमारे लोगों के साथ हुई बेरहमी की 'भतार कथा' लिखी जाए तो 'अरबियन नाइट्स' से भी बड़ी बुक का रिकॉर्ड बन जाएगा। 

खैर, तुमसे निहोरा है। आ ही गए हो तो अब शांति से रहो। आशा है कि कोरोना को 'बकोइया' चढ़ाए नहीं फिरोगे। नहीं तो डेल्टा, डेल्टा प्लस, ओमिकरोन से दिल लगाओगे तुम। और फिर से एक साल खराब होगा हमारा। 

तुमसे कहने/सुनाने को बहुत कुछ है, लेकिन मूड नहीं बन रहा। हम अबर प्राणियों पर इस बार तुम्हारी दयादृष्टि बनी रहे बस यहीं दुआ है। फिलहाल तो इसी कामना के साथ विदा लेना चाहूंगा कि...

तीन वर्षों से रजाई में नुकाके, एमबीडी गेस चाटकर भी मैट्रिक/इंटर में लटक जा रहे फेलार्थी अबकी पास हो जाएं।

फेसबुक रील/मोजो/टकाटक पर वीडियो पर वीडियो डाल रहे छिलटुओं के व्यूअर/फॉलोवर मिलियन पार हो जाए।

मनचाहे दूल्हा/दुल्हन से बियाह की आस में 35 पार हो चले लोगों के दामन में 'बसपन' का प्यार जुड़ जाए।

मैदान में दौड़ मार-मारके उकड़ रहे लौंडों की मिलिट्री में बहाली की सारी प्रक्रिया पार हो जाए।

कोरोना/फ्लोरोना का इंफेक्शन होने पर भी इसके विषाणु सर्दी के पियरका पोटे की तरह नाक से बह जाएं।

विशेष अगले साल मिलने (जीने) पर।

तुम्हारा,

श्रीकांत सौरभ




22 September, 2020

चोर कौन?

कल बाजार में एक चोर को पीटते देखा

घेरी थी दर्जनों की भीड़, मारो साले को...

पूछा मैंने सामान इसने क्या हाथ लगाया है

झट बोले, चुराए मोबाइल के साथ धराया है


सहसा मन में ये ख़्याल आया

पकड़ाया वो तो चोर कहलाया

लेकिन उनका क्या जो शायद ही धराते हैं

गिरवी रखकर ईमान नाजायज़ कमाते हैं


वो हेडमास्टर जो बच्चे को एमडीएम खिलाते हैं

चार रुपए प्रति रेट में भी ढाई रूपया बचाते हैं

वो सरकारी कर्मचारी जो काम लटकाते हैं

बिना नज़राना के फाइल आगे नहीं बढ़ाते हैं


वो पुलिस जवान जो सड़कों पर बिकते हैं

गुंडे बदमाश दादा इनके ही सहारे टिकते हैं 

वो एसएचओ जो फरियादी को हड़काते हैं

लेकर घूस केस में दफ़ा पर दफ़ा लगाते हैं


वो वकील जो जज से सेटिंग कराते हैं

मोटी फ़ीस ले गुनाहगारों को बचाते हैं

वो प्रोफेसर जो लाखों की सैलरी उठाते हैं

महीने में देके लेक्चर चार फर्ज़ निभाते हैं


वो डॉक्टर जो दो की जगह दस जांच कराते हैं

मरीज़ की अंतिम सांस से भी कमीशन खाते हैं

वो हलवाई जो बिना दूध के छेना बनाते हैं

जहरीली मिठाई बेंचकर चार गुना कमाते हैं


वो बाबू जो सीडीपीओ की दलाली करते हैं

पीसी के बिना किसी को पोषाहार नहीं देते हैं

वो बीडीओ एसडीओ जो वसूली करवाते हैं

विभागों से चढ़ावा लेकर उपर तक पहुंचाते हैं


वो एनजीओ वाले जो सादगी दिखलाते हैं

सौ रुपए खर्च कर डेढ़ सौ का बिल बनाते हैं

वो पत्रकार जो चंद रुपयों में बिक जाते हैं

एकतरफा ख़बर से जनता को भरमाते हैं


वो फैक्ट्री मालिक जो काबिलियत दबाते हैं

रेट कम देकर कामगारों को ज़्यादा खटवाते हैं

वो ठेकेदार जो काम 40 प्रतिशत में कराते हैं

जनप्रतिनिधि इंजीनियर मिलकर मौज उड़ाते हैं


वो फल-सब्जी वाले जो वजन कम तौलते हैं

देकर सड़ी चीज़ को भगवान कसम बोलते हैं

वो दर्जी जो सवा मीटर में दो बित्ते उड़ाते हैं

उससे पोशाक न सही पैंट की जेब बनाते हैं


इसके बावजूद है आसान कहके बच जाना

भगवान की है मर्जी क्या, कब किसने जाना


वो भगवान जो मजदूरों से पसीने बहवाते हैं

ठेले रिक्शे वालों की चमड़ी धूप में झुलसाते हैं

दो वक्त की रोटी को फिर भी उन्हें तरसाते हैं

और तमाम धंधेबाजों पर पूरी कृपा बरसाते हैं


©श्रीकांत सौरभ





21 September, 2020

अझुराइल जमाना

खेती बाड़ी से नाता टूटल सउसे खेत बटाई उठल

खायन पियन जाता छूटल भाई से बा भाई रूठल

जेकरा से पूछ$ टाइम नइखे एके भइल बहाना बा

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


देहि में धुरा लगाके पसेना घामा बहाके का होई

डीलर से मिलते बा राशन ढेर कमाके का होई

फिरी माल के लालच में लुटा गइल खजाना बा

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


बियाह सराध बेमारी के नामे धुरे धुरे बिकाता

बिगहा से काठा प आइल मनवा बढ़ले जाता

एडभांस बनेके फेरा में धरावल धइल गंवाना बा

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


खाता में मनरेगा वाला अनघा रुपया आव$ता

मुखिया जी के किरपा के सभे गुणवा गाव$ता

लउकल डारही मोटे ओनही सिर भइल नवाना बा

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


घरे घरे चहुपल सगरी हाथे हाथे बड़का मोबाइल

सेल्फी खिंचत रहेली बबुनी दे देके छोटका स्माइल

टिकटॉक भिडियो से सभे बउराइल दीवाना बा

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


अस्पताल में ना बाड़े डाक्टर स्कूल में पढ़ाई नइखे

बन भइले सरकारी नोकरी प्राइवेट में मलाई नइखे

जाति धरम प देस के टुका टुका कइल निसाना बा 

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


नकल में जिए वाला के तनिको अकल ना होखेला

सोच गुलामी अंगरेजन वाला बढ़े से आगा रोकेला

शासन उहे बिजनेस वाला हावी भइल घराना बा

फेसबुक-व्हाट्सअप में अझुराइल जमाना बा


©श्रीकांत सौरभ





18 September, 2020

जिनगी नून तेल चाउर दाल ना ह$

बीती जाला लड़िकाई हंसी खेल में

बिना मेहरिया जवानी जाल ना ह$

बुझाला बादे जब चढ़ेला मउर माथे

हर घड़ी गोटी एकर लाल ना ह$

जिनगी के आधार ह$ गृहस्थी

बस नून तेल चाउर दाल ना ह$


दादा के भरोसे अदौरी भात

हरदम मिले ऊ थाल ना ह$

भूखे पेट कबो सहेके पड़ेला

एक निहर समय के चाल ना ह$

जिनगी के आधार ह गृहस्थी

बस नून तेल चाउर दाल ना ह$


बुझेली चिलम जेहि प चढ़ेला अंगार

खलिहा बजावे वाला गाल ना ह$

सुर ताल मातरा सीखेके पड़ेला

संगत पुगावे भर झाल ना ह$

जिनगी के आधार ह गृहस्थी

बस नून तेल चाउर दाल ना ह$


मुड़ी के पसेना एड़ी ले चुएला

खटाके मुआवे मने काल ना ह$

केतनो कमइब$ गरज पूरा होई

दोसरा प लुटावे वाला माल न ह$

जिनगी के आधार ह गृहस्थी

बस नून तेल चाउर दाल ना ह$


चूल्हि में जोराके तपेके पड़ेला

दूध में जामल कवनो छाल ना ह$

बितेला जुग त बरियार होला रिस्ता

दिन महीना घटे वाला साल ना ह$

जिनगी के आधार ह गृहस्थी

बस नून तेल चाउर दाल ना ह$


©श्रीकांत सौरभ, पूर्वी चंपारण




16 September, 2020

कुआर के सिधरी

जब चढ़ेला महीनवा कुआर

खूबे छछनेला मनवा हमार

नीक लागेना बहरा के नोकरी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


चेवरा होखे भा खेतवा बधार

सगरो बहेला पनिया के धार

केतना किसिम के मिलेला मछरी

पोठिया बघवा संगे कोतरा टेंगरी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


एकहन पेट फोड़ी पित्ती निकालेली

रगड़ी रगड़ी भउजी धोके बनावेली

भुअरी बिलाई नुकाइल झांके कगरी

चाटेला मिलित चोइया एको कतरी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


सिलउट प सरसो लोरहा से पिसेली

ललका मारचवा लहसुन के घिसेली

पिसत पिसत दुखे हथवा आ पजरी

झांस लागे लोरवा से भरेला नजरी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


जोड़िके आंच माई फोरन जरावेली

माटी के चूल्हा प कड़ाही चढ़ावेली

महकेला सोन्ह जब पड़ेला पपड़ी

सुंघिए के लइका बजावेले थपड़ी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


भनली के चिउरा भूंजा अरवा भात

गजबे सुआद लागे रोटियो के साथ

फीका बा आगा एकरा लाख नमरी

सोना चानी चाहे होखे कवनो दमड़ी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


बरसेला हथिया के मोटे बदरिया 

खोजेला देहि राति के चदरिया

फुटेला कास कसउजा के भीतरी

लउकेला फूल उजर तनि छितरी

बड़ी इयाद आवे गांवे के सिधरी


(सिधरी - मिश्रित छोटी मछलियां, भनली - धान की आगत प्रजाति, कसउजा - कास का पौधा, हथिया - हस्त नक्षत्र))


©श्रीकांत सौरभ, पूर्वी चंपारण



04 August, 2020

रोमांचक कहानी - CONFESSION

"ऑर्डर...ऑर्डर, तमाम सबूतों व गवाहों के मद्देनज़र अदालत इस नतीज़े पर पहुंची है कि डॉ. आशीष अरोड़ा ने अपने स्टाफ़ पर इरादतन दबाव बनाया था। यह जानते हुए भी कि ऐसा करने से मरीज़ की मौत तय है। उनके आदेश पर ही डॉ. नील रंजन ने मरीज़ के मुंह से ऑक्सीजन हटा दिया था। इसलिए अदालत मुज़रिम डॉ अरोड़ा को घटना के लिए मुख्य दोषी मानते हुए उनका चिकित्सकीय लाइसेंस रद्द करती है। वहीं सात वर्षों के कारावास के साथ तीन लाख रुपए मुचलका भरने का हुक्म देती है। चूंकि मुज़रिम डॉ. रंजन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। उन्होंने न्याय के लिए ख़ुद ही याचिका दायर कर अदालत का सहयोग किया। हालांकि इससे उनका अपराध पूरी तरह से माफ़ी के योग्य नहीं है। इसलिए उन्हें एक महीने कैद की सज़ा सुनाई जाती है।" जैसे ही निचली अदालत के जज ने यह फ़ैसला सुनाया। ढाई साल की बेटी को गोद में लिए बैठी मोहिनी देवी की आंखों से ख़ुशी के आंसू लुढ़क पड़े।

तारीख़ पर तारीख... गवाही पर गवाही। पूरे पांच वर्षों के बाद यह मौका आया, जब न्याय की जीत हुई थी। शुरु में तो थाना ही केस नहीं ले रहा था। उस पर जांच रिपोर्ट बेहद धीमी रही। बीच-बीच में उन्हें ना जाने कितनी बार धमकी मिली, केस उठाने के लिए। वकील मुकर गए। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। हालांकि उसके पति डॉ. नील रंजन के सहयोग के बिना यह केस जीत पाना नामुमकिन था।

उसके सिर से मां-बाप का साया उठ चुका था। अदालत का चक्कर लगाते-लगाते, कब उसे बीमार पिता की मौत के लिए जिम्मेवार आदमी से ही प्यार हो गया? कब उसने शादी भी कर ली। और डॉ. रंजन के रूप में एक अच्छा पति मिल गया, पता ही नहीं चला।

वह भावुक होकर आगे बढ़ी और उनके कंधे पर सिर टिका फ़फ़नाकर रो पड़ीं। उन्होंने उसकी पीठ पर थपकी देते हुए बस इतना ही कहा, "Control yourself... और वह मानो भूतकाल की यादों में खो सी गई। ज़ेहन में एक-एक दृश्य फ़िल्म की तरह घूमने लगे।

उस बड़े अस्पताल के पार्किंग जोन में काले रंग की ह्युंडई क्रेटा कार जैसे ही रुकी। दाहिने साइड से दरवाजा खोलकर एक युवती उसमें से उतरी। उसने चेहरे का मॉस्क ठीक करते हुए अस्पताल के लोगो पर गौर किया। Z CARE Multispeciality, यहीं नाम था।

अगले ही पल उसने कार की पिछली सीट पर बैठे बुजुर्ग पिता को सहारा देते हुए बाहर निकाला। उन्हें सहारा देते हुए साथ लेकर चल पड़ी। अस्पताल में वेटिंग हॉल की कुर्सी पर उन्हें बिठाकर, रिसेप्शन के पास गई।

उसने ध्यान दिया कि काउंटर पर बैठी गोरी-चिट्ठी बेहद सलीके से बात कर रही थी। उसकी आवाज़ मानो कानों में शहद घोल रही थी।

"Myself is mohini chauhan from saket. I want to enroll Dad as a corona patient.", उसके कहते ही रिसेप्शनिस्ट ने जवाब दिया, "Ya, Miss Mohini the patient has been tested ever?"

रिसेप्शन के सवाल पर उसने जांच रिपोर्ट देते हुए कहा, "जी एक सप्ताह पहले जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। डॉक्टर ने घर पर ही क्वारेंटाइन में रहने की नसीहत दी थी। पहले बुखार और खांसी की समस्या थी। लेकिन सुबह से उन्हें सांस लेने में परेशानी है।"

"It's ok, रिपोर्ट के मुताबिक आपके पापा की उम्र 65 वर्ष है। पहले से डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीज़ भी हैं। इन्हें जल्द से जल्द आईसीयू में शिफ़्ट करना होगा। फ़िलहाल आप छह नम्बर काउंटर पर तीन लाख रुपए जमा करा दें।" उसका कहे के मुताबिक़ वह काउंटर पर गई और वहां बैठे युवक के पास एक लाख रुपए जमा कराए।

"बाकी के दो लाख रुपए खाते में ट्रांसफर कर देती हूं।" उसने एकाउंटेंट से कहा। इस पर उसने तपाक से बोला, "सॉरी मैडम, कोरोना के चलते अभी ऑनलाइन ट्रांजक्शन की सुविधा बंद है। पूरी रक़म आपको कैश में ही देने होंगे। और हां, यह सिक्योरिटी राशि है। इसके अलावे रोज़ाना के खर्च का बिल अलग से भरना होगा।"

मोहिनी उसकी बातों से चिढ़ सी गई। वह ख़ुद ही रिटायर्ड आय कर अधिकारी की इकलौती बेटी थी। फिनांस से एमबीए भी कर रही थी। इतनी समझ तो थी ही कि अस्पताल प्रबंधन नक़द राशि की मांग क्यों कर रहा है। लेकिन कर भी क्या सकती थी, कोई और दिन होता तो इनकम टैक्स विभाग के नियम-कानून का हवाला भी देती। उसने बहस का इरादा बदलते हुए कहा, "कैश के लिए तो बैंक जाना होगा। आप मरीज को भर्ती कर लीजिए। मैं कुछ देर में ड्यूज रुपए जमा कर देती हूं।"

यह सुन युवक ने मानो मौन सहमति जताई। उसने प्रिंटर से बिल निकाला। उसे पलटा और पिछले भाग पर कलम से बकाया राशि लिखकर थमा दिया। मरीज़ को 99 नम्बर बेड मिला था। उन्हें स्ट्रेचर के सहारे दूसरे तल्ले पर ले जाया गया। मोहनी आईसीयू कक्ष के ठीक सामने बाहर एक बेंच पर बैठ गई। करीब 20 मिनट बाद भीतर से एक डॉक्टर निकले। पीपीई किट से उनका पूरा शरीर ढका था। उसे वे बिल्कुल एलियन की तरह लगे। एप्रोन पर एक छोटा से नेम प्लेट दिखा, जिस पर लिखा था करण सैनी।

डॉक्टर ने उसकी तरफ़ देखते हुए कहा, 'आप मिस्टर अरुण चौहान..?'

"जी सर मैं उनकी बेटी हूं।' यह सुन वे बोले, "ऑक्सीमिटर में आपके डैड का ऑक्सीजन लेबल 88 बता रहा है। इसीलिए परेशानी बढ़ी है। लेकिन घबड़ाने की बात नहीं है हमने ऑक्सीजन लगा दिया है।"

"डॉक्टर साहब, पापा ठीक हो जाएंगे न?", यह कहते हुए वह भावुक हो गई। उसकी आंखें ढबढ़बा चली थीं।

उन्होंने भांप लिया कि वह कुछ-कुछ नर्वस हो चली थी। बोले, "अरे बिल्कुल ठीक हो जाएंगे, You are a bravo girl, take care yourself!"

उनके जाते ही वह बैंक के लिए निकली। चेक से रुपए निकाला और काउंटर पर जमा करा आई। वापस फिर से बेंच पर बैठ गई। दिल बहलाने के लिए मोबाइल चलाने लगी। जाने क्यों, उसे फेसबुक, व्हाट्सएप्प, इंस्टाग्राम सारे बोरिंग लग रहे थे। और अंजाने भय से दिल बैठा जा रहा था। तभी उसे आईसीयू में एक और स्ट्रेचर जाता दिखाया दिया। वार्ड बॉय उसे धक्का लगाते आईसीयू कक्ष की ओर मुड़ गए। उस पर एक नौजवान लेटा हुआ था।

आज उसे महसूस हो रहा था। अस्पताल में आकर क्यों समय थम सा जाता है। वह टहलते हुए टाइम पास करने लगी। हर दफ़े नजरें दीवार घड़ी पर चली जातीं। चार... छह फिर शाम के आठ बज गए थे। तभी अंदर से एक अन्य डॉक्टर के साथ डॉ. करण भी निकले।

वे उससे मुख़ातिब होते हुए बोले, "मोहिनी मेरा शिफ़्ट अब ख़त्म हो रहा है। ये डॉ. नील रंजन हैं। अभी से लेकर सुबह तक पेशेंट के केयर में यहीं रहेंगे। आप इनसे कांटेक्ट नम्बर ले लीजिए। रात में कभी भी पापा का हालचाल ले सकती हैं।"

उसने मोबाइल में नंबर सेव किया। याद आया, फ्लैट पर अकेली मां बेसब्री से इंतज़ार कर रही होगी। उन्हें भी हार्ट डिजीज की दवा देनी है। वह सीधे घर के लिए निकल पड़ी। घर पहुंचकर रात के साढ़े बारह बजे, उसने डॉक्टर के पास फ़ोन कर पापा की ख़ैरियत पूछी। संतोषजनक जवाब सुन राहत मिली, वह सो गई।

इधर 10 मिनट के बाद ही डॉक्टर का मोबाइल फिर बज उठा। देखा, अस्पताल के संचालक डॉ. आशीष अरोड़ा का फ़ोन था।

कॉल रिसीव करते ही आवाज़ आई, "हैलो, डॉ. रंजन!"

"हां सर बोलिए।"

"पेशेंट नम्बर 100 की क्या स्थिति है?"

"जी वह पहले से ही Mild अस्थमा का मरीज़ है। कोरोना को लेकर उसकी तकलीफ़ शारीरिक से ज़्यादा मानसिक है। उसने सांस लेने में थोड़ी परेशानी ज़ाहिर की थी। ऑक्सीजन लेबल चेक किया तो 90 बता रहा था। अभी उसे मैंने इनहेलर दिया तो 95 पर आ गया है।"

"ठीक है उसे ऑक्सीजन लगा दो।"

"लेकिन सर, अभी उसे वेंटिलेशन की जरूरत नहीं है। वैसे आपको सूचना तो मिली ही होगी। अस्पताल में गैस सिलिंडर ख़त्म है। एजेंसी वाले ने सुबह में डिलिवरी के लिए बोला है।"

"यार, बात समझा करो। वह केंद्रीय मंत्री के साले का लड़का है। कुछ देर पहले उसने फ़ोन कर घर वालों से समस्या सुनाई थी। मंत्री जी का भी दो बार फ़ोन आ गया। यदि कुछ ऐसा वैसा हो गया तो कई तरह की जांच बिठा देंगे। समझो, अस्पताल सील ही हो जाएगा। इससे पहले कि किसी रसूखदार की नाराज़गी झेलनी पड़े। हमें थोड़ा भी रिस्क नहीं उठाना है।"

"वो तो ठीक है सर। लेकिन एक्स्ट्रा सिलिंडर किधर से लाएं?"

"अच्छा, ये बताओ आईसीयू में भर्ती सबसे उम्रदराज मरीज़ कौन है?"

उन्होंने रजिस्टर की पड़ताल करते हुए बताया, "99 नम्बर बेड वाला मरीज़ 65 साल का है। अरुण चौहान नाम है। लेकिन सर उनकी स्थित गंभीर है। ऑक्सीजन का लेबल..." इससे आगे वे कुछ बोलते कि उधर से फ़रमान मिला, " No if and but, मुझे कुछ नहीं सुनना। वहीं सिलिंडर लगा दो। और यह बात किसी को भी पता नहीं चले, इसके लिए काम तुम्हें ख़ुद से करना होगा। मैं उस कमरे का सीसीटीवी कैमरा बंद करने के लिए बोल देता हूं।"

"सॉरी सर, लेकिन मुझसे यह नहीं हो सकेगा।"

उसका दो टूक जवाब सुनते ही उन्होंने धमकी भरे लहज़े में कहा, "रंजन तुम्हारे करियर की अभी शुरुआत है। जज़्बात में बहकर ना तो तुम्हारा ही भला हो सकेगा, न हमारा। मैंने तुम्हें जॉइन करने के पहले दिन ही शर्तें सुना दी थी। अस्पताल में काम से काम मतलब रखना होगा। प्रबंधन के आदेश का पालन हर हाल में करना होगा। अन्यथा दूसरा रास्ता सोच लो..." इसी के साथ फ़ोन कट गया।

बॉस की बात सुनकर उनका मूड ऑफ हो गया। करीब 15 मिनट तक वे माथापच्ची करते रहे। कुछ देर तक दिल और दिमाग की ज़ंग चली, जिसमें निश्चित तौर पर स्वार्थ की जीत हुई। उन्होंने दिल को मजबूत करते हुए इधर-उधर चोर नज़रों से देखा। वार्ड में 10 मरीज़ भर्ती थे। सभी बेड पर आराम की मुद्रा में थे। उन्होंने वृद्ध के मुंह से ऑक्सीजन निकाला। और सिलिंडर का कैप बदलकर युवक के मुंह में लगा दिया।

आधे घण्टे बाद उनका ध्यान गया कि मिस्टर चौहान मुंह से सांस खींचने का प्रयास कर रहे थे। वे कुछ बोलना भी चाह रहे थे। लेकिन उनकी हलक से आवाज़ नहीं निकल पा रही थी। ये सब देखते हुए भी डॉ रंजन को मानो काठ मार गया था। दो घण्टे तक छटपटाने के बाद मरीज़ की बॉडी शांत पड़ गई।

उन्होंने बेड के पास जाकर स्टेथोस्कोप से जांच की। बुदबुदाते हुए बोले, Oh god, patient is no more...!"

सुबह में फ़ोन पर सूचना मिलते ही मोहिनी अस्पताल में भागी आई। रिसेप्शन के पास उसे बताया गया कि काउंटर पर दो लाख रुपए जमा करा दें। फिर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा सकती है। अब तक उसके सब्र का पैमाना टूट चुका था।

"जितने चाहो उतने रुपए दूंगी लेकिन क्या मेरे पापा को जिंदा कर सकते हो? बोलो, जो इंसान रात के साढ़े बारह बजे तक ठीक था। वह एकाएक कैसे डेथ कर गया?" वह गुस्से में कांपते हुए चिल्लाने लगी।

हॉल में मौजूद अन्य मरीज़ों के परिजनों का ध्यान उसकी तरफ़ चला गया। वह अपनी पूरी रौ में गला फाड़कर चीखे जा रही थी, "What the hell Yaar, तुम सब अपना ज़मीर बेंचकर मौत के सौदागर बन गए हो! जिसे पैसे के आगे किसी के जान की ज़रा भी परवाह नहीं! लेकिन याद रखना, एक दिन भगवान भी तुम्हारे साथ ऐसा ही बुरा करेंगे।"

तभी उसे डॉक्टर नील रंजन दिखे। उनकी ओर देखते हुए रुंधे गले से बोली, "डॉक्टर आप तो थे वहां। बताइए क्या हुआ। वरना मैं कह देती हूं, सबको अदालत में घसीटकर ले जाउंगी, देख लेना!" इतना कह वह बिलखकर रोने लगी।

वहीं डॉ. रंजन को अपनी करनी पर ग्लानि हो रही थी। लग रहा था कि धरती फटे और उसमें समा जाएं। देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस फिर एमडी किए। उसके बाद उन पर सफ़लता का जुनून इस क़दर सवार हुआ कि सारे संस्कार ही भूल गए। बिहार के चम्पारण के जिस छोटे से गांव में पले बढ़े थे। वहां मानवीय मूल्यों की हिफ़ाजत करने की सीख दी जाती है। ये ख़्याल आते ही उनकी सोई मानवता जाग उठी।

वे मन ही मन प्रयाश्चित का प्रण लिए और उंची आवाज़ में बोले, "सच में यह अस्पताल लूटेरा है मोहिनी। तुम्हारी पापा की मौत का मैं भी कसूरवार हूं। इसके लिए जो चाहे जो सज़ा दो, मुझे मंजूर है। लेकिन इतना जान लो कि मुझे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया था।"

"किसने मजबूर किया था?", उसने सिसकते हुए पूछा।

"अस्पताल के संचालक डॉ. अरोड़ा साहब ने।"

"मैं थाने में इसकी शिकायत करूंगी। क्या आप गवाह बनोगे?"

"बिल्कुल, तुम रिपोर्ट दर्ज कराओ, मैं गवाही दूंगा। तुम्हारे पापा दोबारा जिंदा तो नहीं हो सकते। लेकिन शायद न्याय मिलने के बाद उनकी आत्मा को कुछ सुकून मिल सके।" इसके बाद दोनों के क़दम पुलिस स्टेशन की ओर थे।

"चलो सर, आपका समय पूरा हो गया है। कैदी वैन आपका इंतज़ार कर रही है।", यह कहते हुए कांस्टेबल ने डॉ. रंजन के हाथ में हथकड़ी डाल दी। उसकी आवाज़ सुन जैसे मोहिनी की तंद्रा टूटी। वह फिर से रोने लगी।

"ख़ुद को संभालो मोहिनी, बस 30 दिनों की तो बात है। यूं गया और यूं आया। हमारा सबसे अनमोल तोहफ़ा तो तुम्हारे पास ही है। इसका ख़्याल रखना।", यह कहते हुए उन्होंने कोरे में बच्ची को लेकर बड़े प्यार से उसका माथा चूमा और कांस्टेबल के साथ चल दिए।

©️श्रीकांत सौरभ (नोट - यह कहानी, पूरी तरह काल्पनिक है। इसमें ज़िक्र किए गए जगहों और पात्रों के नाम की, किसी भी जीवित या मृत व्यक्ति से समानता संयोग मात्र कही जाएगी।)


01 August, 2020

कहानी - अवसर

पिछले एक सप्ताह से मौसम खराब था, इस कदर कि खुलने का नाम ही नहीं ले रहा था। और आज तो हद हो गई थी, सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही थी। कोसों तक सरेह में पहले से ही लबालब पानी भर गया था। इलाके में आए दिन किसी न किसी के डूबने की सूचना अखबारों में छपी रहतीं। लेकिन बच्चे मछली मारने या नहाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे थे।

इधर नदी के मुख्य बांध टूटने की आशंका को सुनकर झबुआ पंचायत के निवासियों में दहशत भर गई थी। दो हजार की आबादी वाले इस गांव में किसानों और मजदूरों की बहुलता थी। हालांकि गांव के अमीर लोगों का सुबह से ही शहर में स्थित डेरे पर या रिश्तेदारों के यहां पलायन जारी था। ख़ासकर महिलाएं व बच्चे बाहर भेजे जा रहे थे। वहीं दो मंजिले घरवाले उपर में शरण लेने के लिए तैयारी कर लिए थे। राशन, पीने का पानी, गैस चूल्हा, बखारी के अनाज आदि सब स्टॉक कर लिए गए।

लेकिन जिनकी फुस की झोपड़ियां थीं, उनमें से अधिकांश में सामने दुविधा की स्थिति हो चली थी। क्या करें क्या न करें? जलावन, राशन, बकरियां, मवेशियां लेकर कैसे जाएं? ख़ुद तो कुछ भी खाकर जी लेंगे। लेकिन मवेशियों का चारा कहां से आएगा? किसी को बखारी के गेंहू और मक्का बेंचकर महाजन के कर्ज चुकाने थे। तो किसी को बेटी की शादी के लिए जोगाकर रखे गए पुराने धान को बचाने की चिंता खाए जा रही थी।

इसी उधेड़बन में अधेड़ रिखिया देवी मड़ई के नीचे प्लास्टिक बांधकर ओरियानी ठीक कर रही थी। कई वर्षों से छानी की मरम्मत नहीं होने के कारण खर-पतवार सड़ चुके थे। घर में इस समय कोई था भी नहीं। बेटी की शादी पिछले वर्ष ही कर चुकी थी। पति और दोनों बेटे केरल के ऑयल मिल में कमाने गए थे। इसी साल होली में आए थे तो तय हुआ था। हर हाल में बैशाख में घर की नींव पड़ जाएगी। लेकिन कोरोना के कारण लॉकडाउन में उधर ही फंस गए।

तभी पट्टीदारी की पोती ने आकर पूछा, "का आजी, इहवां से चले के नइखे। चारु ओर हाला बा राति के बान्ह टूट जाई।"

"ना रे बुचिया अब कहवां जाइल जाई। हर साल त इहे खेला बा। बिगु के पापा से फोनवा प बात भइल ह। कहले ह आजु भर देख लेवे के। तोहनी के का प्रोग्राम बा?"

"हमनी के त मामा किहां जात बानी स। गाड़ी आ गइल बा। पापा जी मालन के लेके बान्ह प चल जइहे। उहे सिरकी तनाई।"

"आछा! हमहु खाए पिए वाला सामान मचानी प रख देले बानी। ई ना कह$ तिनु बकरियां पहिलही बेंचके हटा देले बानी। आजु मचाने पर हमहु सुतेम।"

इधर बांध पर अचानक से एक जगह रिसाव होने लगा। ग्रामीणों के साथ ही प्रशासन के लोग तमाम इंतजाम में जुटे थे। सीमेंट के बोरे और पत्थर फेंके जाते लेकिन तेज़ धार में विलीन हो जाते। फ़फ़नाकर बहती नदी को देखकर सबके रोंगटे खड़े हो जाते। सारे उपाय व्यर्थ थे और कटाव बढ़ता जा रहा था। ठीक रात के डेढ़ बजे बांध टूट चला। जबर्दस्त शोरगुल मचा। सभी कोई आंखें मूंदे हाथ जोड़कर भगवान को गुहारने लगे। उनकी जुबान पर बस यहीं अरदास थी, "हे गंगा मईया हमनी प रहम करी।"

सुबह होते-होते बांध के उत्तर वाला क्षेत्र पांच किलोमीटर तक पूरा डूब चुका था। झोपड़ियों की बात कौन कहे एक तल्ला मकान तक डूब गए थे। कुछ ढह भी गए थे। जिधर नज़रें जातीं बस पानी ही पानी! इक्के-दुक्के गाय, भैंस और बकरियों के मृत शरीर भी उपलाते दिख रहे थे। इसे देख लोगों का कलेजा फटा जा रहा था। बाढ़ में महज़ घर, अनाज और पालतू मवेशी ही नहीं। जाने कितने लोगों के अरमान और सपनें बह गए थे। पूरी गृहस्थी बर्बाद हो चली थी। जिसे संवरने में अब शायद वर्षों लग जाएं।

नेताद्वय, मीडियाकर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं का आना जारी था। सत्ता पक्ष के लोग इसके लिए नेपाल-चीन की मिलीभगत और भारी बारिश को जिम्मेवार ठहरा रहे थे। वहीं विपक्षी इसका पूरा ठीकरा सरकार पर फोड़ रहे थे। यह सवाल उठाते हुए कि क्षतिग्रस्त बांध की वर्षों से मरम्मत क्यों नहीं की गई? बांध की रखवाली के लिए चौकीदारों की बहाली क्यों नहीं की गई? यह जानते हुए भी कि हर वर्ष बाढ़ आना यहां की नियति है, प्रशासन ने समुचित तैयारी क्यों नहीं की? आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी था।

कुछ उत्साही युवक चुड़ा-मीठा बांटने में व्यस्त दिख रहे थे। हालांकि बाढ़ पीड़ितों की मदद में आए सभी किसी में एक बात सामान्य थी। कोई ठेहुने भर पानी में खड़े होकर  तो कोई नाव पर बैठे हुए मोबाइल से फ़ोटो जरूर खिंचाता। मानो फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप्प पर सेल्फी डालने का होड़ लगा हुआ था। वहीं प्रशासनिक अधिकारी और संवेदक पूरे मन से आपदा को अवसर के रूप में भुनाने का तिकड़म भिड़ा रहे थे।

गांव का शिव मंदिर सबसे ऊंची जगह पर था। उसी के अहाते में लंगर शुरू कर दिया गया। यहां सुबह और शाम पीड़ितों की जमकर भीड़ उमड़ती। पेट की भूख यह तय करने में असफल थी कि पनटिटोर दाल और पनछुहर सब्जी का स्वाद कैसा है? ना ही मोटे चावल से बने भात की अज़ीब सी बास नथुने में प्रवेश कर पाती थी। और दिन होता तो कितने को उबकाई आने लगती। लेकिन फ़िलहाल तो हर कोई निवाले को बस उदर में ठूंसे जा रहा था।

आख़िरकार आदमी के एक वोट की कीमत इससे ज़्यादा हो भी क्या सकती थी? सत्ताधारी भी तो अच्छी तरह से समझते हैं कि जनता की याददाश्त बेहद कमजोर होती है। जो थोड़े से राशन और कुछ हजार रुपए अनुदान की लालच में सबकुछ भूल जाती है। बांध टूटे दूसरा दिन हो चला था। डूबे हुए मवेशियों के शव और अनाज सड़कर बदबू उठाने लगे थे।

एनडीआरफ की टीम मोटर बोट से घूम-घूमकर बचाव अभियान में लगी थी। कहीं-कहीं पेड़ों या घर की छतों पर फंसे लोग मिल जाते। इसी दौरान टीम को दूर सरेह में कोई आकृति उतराती दिखी। वे बोट को क़रीब ले गए। वो एक महिला का शव था। जिसकी कमर में स्टील की छोटी सी पेटी बंधी थी। मालूम पड़ता था पेटी को कमर में बांधकर सोते हुए बाढ़ की चपेट में आ गई होगी। शव को उठाकर वोट पर लाद दिया गया। और बांध के किनारे वाली सड़क के पास लाकर उतारा गया।

एक वृद्ध ने उसकी पहचान की। अचरज़ से बोल पड़े, 'अरे ई त सुकई महतो के जनाना रिखिया हिय$! हे भगवान बहुते जिद्दी रहे। केतना समझावल गइल मने घरे से ना निकलल।"

कुछ देर में ही पेटी का ताला तोड़कर खोला गया। उसमें सिन्होरा, दो हजार रुपए, बेटे और पति का फ़ोटो रखा था। यह देख वहां उपस्थित महिलाओं और पुरुषों की आंखें नम हो गईं। क्योंकि मरकर भी वह सुहाग की अंतिम निशानी बचाने में सफल रही थी।

©️®️श्रीकांत सौरभ (नोट - यह कहानी, पूरी तरह काल्पनिक है। इसमें ज़िक्र किए गए जगहों और पात्रों के नाम की, किसी भी जीवित या मृत व्यक्ति से समानता संयोग मात्र कही जाएगी।)




30 July, 2020

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में त्रि-स्तरीय भाषा का स्वागत है, लेकिन...

मेरी पांच वर्षीय बेटी गांव के एक निजी कान्वेंट में अपर किंडर गार्डन (यूकेजी) की छात्रा है। लॉकडाउन के कारण स्कूल बंद है। इस कारण से घर पर ही पड़ोस की आंटी से ट्यूशन लेती है। एक दिन वह कमरे में पढ़ाई कर रही थी। मैंने आदतन ऐसे ही कहा, कॉपी पर ''क ख ग घ...' और 'ABCD...' पूरा लिखकर दिखाओ।'

मेरे कहे कि मुताबिक़ उसने कुछ ही देर में लिख डाला। कॉपी देखकर मैंने पूछा, बताओ इसमें 'मूर्धन्य 'ष' किधर है?' इस पर वह शुरू से पढ़ते हुए अक्षर को खोजने लगी। वहीं जब अंग्रेजी के अक्षरों को पहचानने को कहा तो उसने ज़रा भी समय नहीं लिया।

चूंकि मैं भी शिक्षक हूं, उससे पहले एक लेखक और भाषा एक्टिविस्ट हूं। मेरी मातृभाषा हिंदी नहीं भोजपुरी है। और मेरे लिए मातृभाषा का मतलब महज़ कुछ शब्द भर नहीं, यह हमारी पहचान, हमारा संस्कार, अभिमान और हमारी एकता का प्रतीक है। मेरा मानना है कि कोई भी आदमी अपनी मातृभाषा को नजरंदाज कर ना तो एक अच्छा लेखक या कलाकार बन सकता है, ना ही एक अच्छा इंसान।

ऐसे में बेटी की पढ़ाई के कांसेप्ट को लेकर मेरी चिंता का होना स्वाभाविक है। वह जिस पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। उसमें शुरू से ही अंग्रेजी माध्यम से कोर्स की किताबें पढ़ाई जाती हैं। जहां अक्षर ज्ञान नहीं देकर Alphabatical Knowledge उड़ेला जाता है। 'पहाड़ा' नहीं 'Table', गिनती के बदले 'Count' सिखाए जाते हैं।

इस बावत जब मैंने ट्यूटर से बात की तो उनका जवाब मिला, 'हम स्कूल के सिलेबस के हिसाब से पढ़ाते हैं। वह अंग्रेजी में है। इसलिए हिंदी में पढ़ाने पर बच्ची कक्षा में पिछड़ जाएगी।' जबकि स्कूल के प्राचार्य ने बताया, 'अंग्रेजी माध्यम स्कूल है। यहां सवाल ये नहीं उठता है कि ऐसा क्यों होता है? बल्कि इसका समाधान क्या है, इस मुद्दे पर बहस जरूर होनी चाहिए।

वैसे भी मातृभाषा को मारकर बच्चे को रट्टू तोता या दोयम व्यक्तित्व वाला बनाना मुझे पसंद नहीं। मैं जिस परिवेश से आता हूं। उसमें चूहा को 'मुस', कबूतर को 'परेवा', बिल्ली को 'बिलाई', तोता को 'सुग्गा' कहा जाता है। मेरी बेटी भले ही इन्हें Rat, Pigeon, Cat, Parrot बोलना सीख ले। लेकिन इससे पहले बाकि दोनों भाषाओं में भी शब्दों को जाने।

जरा सोचिए, जब आप बीमार होते हैं तो किसी M.B.B.S या डिग्रीधारी चिकित्सक के पास इलाज के लिए जाते हैं। कानूनी सलाह के लिए एलएलबी वकील और आयकर ऑडिट कराने के लिए सीए का सहारा लेते हैं। क्योंकि उनको अपने क्षेत्र में महारथ हासिल होती है। ठीक वैसे ही एक योग्य शिक्षक बनने के लिए डीएड, बीएड का प्रशिक्षण प्रमाणपत्र निहायत ही जरूरी है।

मैं दावे के साथ कह सकता हूं। दुनिया के किसी भी देश में शिक्षक प्रशिक्षण को लेकर जो किताबें पढ़ाई जाती हैं। उसमें जरूर लिखा रहता है कि बच्चों को प्रारम्भिक स्तर की शिक्षा मातृभाषा में देना चाहिए। इससे उनके व्यक्तिव का समुचित विकास होता है। चीन, जापान, रूस और जर्मनी ने इसे आत्मसात भी किया। इनका विकसित देश बनने में मातृभाषा का अहम योगदान रहा है। हालांकि यहां के रहनिहार उतनी भर अंग्रेजी जरूर सीखते हैं कि बाहरी देशों से संपर्क में परेशानी नहीं आए।

किसी समय महात्मा गांधी और महान शिक्षा व भाषाविद रवींद्रनाथ टैगोड़ ने भी इसकी वकालत की थी। लेकिन अंग्रेजियत के हिमायती जवाहरलाल नेहरू और गुजराती विद्वान केएम मुंशी ने उनकी मांग को ख़ारिज कर दिया था। इतना ही नहीं शुरू से ही हमारे देश में इस तथ्य को चालाकी से नजरअंदाज किया जाता रहा है।

संयोग से 34 वर्षों के बाद मोदी सरकार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की है। यानी बच्चों में क्लर्क की मानसिकता भरने वाली मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के दिन लद गए। नई नीति को लेकर पूर्व इसरो चीफ़ कस्तूरीरंगन की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ कमिटी ने त्रि-स्तरीय भाषा का सुझाव दिया था। जिसे नीति में शामिल कर लिया गया है। ख़ैर, कानून तो बन गया लेकिन जरूरत इसे अमलीजामा पहनाने की भी है। इस शिक्षा नीति को सरकारी ही नहीं कुकुरमुत्ते की तरह पनपे निजी स्कूलों में भी सख्ती से लागू किया जाए।

यदि हम बिहार की बात करें तो यहां मुख्यतः पांच भाषाएं बोली जाती हैं। भोजपुरी, मगही, मैथिली, बज्जिका और अंगिका। क्षेत्रीय आधार पर पांचवीं कक्षा तक मातृभाषा में शिक्षा अनिवार्य कर दिया जाए। हां, हिंदी और अंग्रेजी एक विषय के रूप में शुरू से पढ़ाई जाए। कई शोध से यह साबित भी हो चुका है। मातृभाषा के साथ ही दो-तीन अन्य भाषाओं की जानकारी लेने वाले बच्चे का दिमाग काफ़ी तेज होता है। उसमें रचनात्मक ज्ञान की वृद्धि होती है।

ध्यान दें, आठवीं कक्षा से विज्ञान और गणित जैसे जटिल विषयों की पढ़ाई अंग्रेजी में हो। जबकि हिंदी भाषा में कला विषयों की स्तरीय किताबें उपलब्ध हैं। इससे बच्चे भूगोल, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र आदि के बारे में अच्छी तरह से सीख सकते हैं। इतना ही नहीं किसी भी छात्र को एक विषय के रूप में मातृभाषा की पढ़ाई की सुविधा ऊंची कक्षा तक मिले।

©️श्रीकांत सौरभ


12 July, 2020

"भोजपुरी में बतिआए के होखे त बोल$ ना त राम-राम"

सोशल साइट्स पर गुजरात की महिला सिपाही सुनीता यादव का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वो अपने अधिकारी से एक मंत्री के लड़के की उदंडता की शिकायत निडरता से कर रही है। वह भी मातृभाषा में। इसे ना समझने वाले भी वीडियो को बेहद चाव से शेयर कर रहे हैं। देख, सुन रहे हैं। शायद मातृभाषा की यहीं ताकत होती है।

इसी प्रसंग से याद आया। दो-तीन दिन पहले मेरे पास एक लड़के का फ़ोन आया था। बोला, "सर मोतिहारी से हूं। फ़िलहाल दिल्ली में रहना होता है। बहुत अच्छा लिखते हैं। आपको पढ़ते रहते हूं।"

"हां बोलिए, क्या सेवा करूं?" उसने बताया, "मैंने एक डॉक्टर एप्प बनाया है। इसमें पूर्वी चंपारण के रहनिहारों को स्थानीय डॉक्टर्स का डाटा मिल जाएगा। कोई भी इसे गूगल प्ले स्टोर से अपलोड कर अपनी पसंद के डॉक्टर से अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। इस एप्प के बारे में अपनी वाल पर प्रोमोट कर दीजिए।"

मैंने कहा, "मोतिहारी से बानी त भोजपुरी बोले आवेला कि ना?"

"जी नहीं, मुझे भोजपुरी नहीं आती है। कभी बोला ही नहीं।"

"तनिका परयास कके देखीं। उम्मेद बा बोले लागेम।", ये मेरा जवाब था।

"नहीं सर ये मुमकिन नहीं है। आपको मेरा एप्प प्रोमोट करना है या नहीं। ये बताइए..?"

अब उसकी प्रोफेशनल बतकही मुझे चुभने लगी थी। मैंने झट से कहा, "जब तोहरा मोतिहारी घर होते हुए भी मातृभाषा से जुड़ाव नइखे। त हमहु तोहार मदद फ्री में ना करेम। पांच हजार लागी बोल$ देब$?"

यह सुनते ही उसने फ़ोन काट दिया। अब मैंने भी दिनचर्या बना लिया है, ऐसे बनतुअरों से निपटने के लिए। कोई भी भोजपुरी क्षेत्र का आदमी यदि मुझे फ़ोन करता है। या सामने मिलने पर हिंदी में बात करता हूं। मैं उसे टोक देता हूं, "भाई, भोजपुरी में बतिआए के होखे त बोल$ ना त राम-राम। हम चलनी।"

मुझे लगता है, 1.20 करोड़ की आबादी वाले चंपारण समेत तमाम भोजपुरी भाषी जिले के युवाओं को, मातृभाषा प्रेमियों को यहीं हठधर्मी रवैया अपनाने की जरूरत है। वैसे मैंने तो शुरुआत कर दी। आप कब कर रहे हैं?

©श्रीकांत सौरभ

ब्लॉग लिंक - srikantsaurabh.com


26 June, 2020

"धीरे-धीरे हरवा चलइहे हरवहवा, गिरहत मिलले..!"

अदरा चढ़े दो दिन हो गया था। देर रात से ही तेज बारिश हो रही थी। तीन बजे भोर में बालेसर काका की नींद टूट गई। ऐसे भी वे रोज़ चार बजे उठ ही जाते थे, मवेशियों को सानी-पानी देने के लिए। लेकिन आज थोड़ा जल्दी उठने का कारण झमरकर पानी का बरसना था। कम से कम दमकल से पटवन के हजार रुपए तो बच ही गए। ऐसे ही नहीं कहा गया है कि भगवान जब खुश होते हैं तो पानी देते हैं!

काका को भोर में ही में जना जोड़ने दखिनवारी टोला जाना है। अब तो खेती में भी सौ तरह के ताम-झाम हैं। लेवाठ के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था करिए। फिर मजदूरों के टोला में दस बार दौर लगाइए। अइसन मौका पर तो उनका भाव गजबे बढ़ जाता है। और भाव बढ़े भी क्यों नहीं, अब सबके पास बटाई खेत है। पहले ख़ुद का धान रोपेंगे कि गिरहत का।

बिछावन पर बैठेकर वे खैनी मलते हुए सोचने लगे। पहले से ही खाद की महंगाई थी ही। अब डीजल की कीमत भी कमर तोड़ रही है। मजदूरों को बनिहारी के बदले नकदी चाहिए। इतना तक भी रहता तो कोई बात नहीं थी। बुआई के बाद फ़सल बाढ़, सुखाड़, घासकटों, ओला, नीलगाय से बच जाए, तभी खलिहान आ पाती है।

सरकार ने पैक्स के माध्यम से सरकारी रेट पर खरीद की व्यवस्था की है। मने औने-पौने दाम में जब बिचौलिया बनिया सौदा उठा लेते हैं तो सरकारी खरीदारी शुरू होती है। अब जिसको महाजन और दुकानदार का करजा सधाना होता है। कौन उतना दिन इंतजार करेगा? कई बार काका के मूड में आया कि खेतों को बटाई लगा दें। लेकिन हर बार इरादा बदल देते हैं।

नफ़ा होखे चाहे घाटा किसान के लिए खेत तो मां के समान ही है! गणेश की माई भी कहती है, "जब तक हाथ-गोड़ चल रहा है। अपने से खेती किया जाए। गाय-गोरु का चारा मिल ही जाता है। अनाज से भरे बेरही-बखारी भी दुआर की शोभा बढ़ाते हैं।"

तभी काका का ध्यान खैनी पर गया, अंगूठे से कुछ ज़्यादा ही रगड़ा गया था। उन्होंने ताल ठोका तो झांस से रधिया काकी छींकने लगी। हा छि:! हा छि:!

"का जी रउरा बुझाला कि ना अदमी के जाने ले लेहम! अधरतिया में अपने नीन नइखे लागत त दोसरो के बेचएन कइले बानी।"

इस पर काका ने दांत चियारते हुए कहा, "अधरतिया कहवां बा, तीन बज गइल हवे। रोपनिहार ला सवकेरही जाए के पड़ी।"

यह सुन काकी का चेहरा भी खिल उठा। आंखें मलते हुए भी बोलीं, "सुनी ना आजु गावा लागी त भोज खिआवे के पड़ी। दखिनवारी टोला से लवटेम त साव किहां से गरम मसाला आ पापड़ लेले आएम।"

आछा ठीक बा। तनी चाह बना द। हम मालन के खूंटा प बान्ह के आव$ तानी।"

गाय की नाद में चारा सानने के बाद उन्होंने चाय पिया। और छाता लगाकर दखिनवारी टोला के लिए निकल पड़े। टोले में घुसते ही सुखाड़ी बहु मिल गई। सांवली सूरत होने के बावजूद 50-52 वर्ष की उम्र में भी उसके चेहरा का पानी देखने के लायक था। चालू-पुर्जा और हरफनमौला इंसान थी। किसी को भी मजदूर चाहिए होता, वह जल्द सेटिंग करा देती।

शायद इसी कारण उसे सब कोई 'ठीकदार' कहकर बुलाते। काका से उसका देवर-भौजाई का रिश्ता था, सो अक़्सर हंसी-ठिठोली होती रहती। उन्हें देखते ही हाथ नचाकर बोली, "का मलिकार, एतना सुनर मवसम में मलकिनी के लगे होखे के चाही ? भोरे-भोरे केने चलल बानी रउआ?"

काका ने उससे रोपनी को लेकर बात की। छह कट्ठा खेत के लिए आठ जने तय हुए। ठीक 11 बजे सभी महिलाएं हाज़िर थीं। उन्होंने बगल के बियाराड़ से बिचड़ों को उखाड़कर गठरी बनाया और माथे पर लादकर ले आईं।

लेवाठ होते ही रोपनी शुरू होई कि पूरब से उमड़कर काली घटा छा गई। रिमझिम फुहारों के बीच बह रही ठंडी बेयार से मौसम सुहावना हो चला था। पानी में जुताई के बाद निकल रही, पांक की सोंधी खुशबू नाक में घुसते ही मदमस्त किए जा रही थी।

काका उनके साथ ही खेत में उपलाए सूखे घास को छानकर किनारे फेंक रहे थे। अचानक से सुखाड़ी बहु ने कादो उठाकर उनके बनियान पर फेंका और जबर्दस्त ठहाका छूट पड़ा।

इसी बीच सभी कोई जोर-जोर से गाने लगीं, "खेतवा में धीरे-धीरे हरवा चलइहे हरवहवा, गिरहत मिलले मुंहजोर, नये बाडे़ हरवा, नये रे हरवहवा, नये बाड़े हरवा के कोर..!"

(*गावा- चंपारण में किसान जिस दिन खेत मे धान की रोपनी शुरू करते हैं। चंदन, अक्षत और दही से पूजा-पाठकर कुछ बिचड़े रोपते हैं। जिसे 'गावा लगाना' कहते हैं। इस दिन रोपनिहारों को भोज खिलाया जाता है। हालांकि यह परंपरा अब लुप्त हो रही है।)

©श्रीकांत सौरभ


24 June, 2020

साहित्य में प्रेमचंद्र जैसा हो जाना सबके वश का नहीं

मूसलाधार बरसात में गांव की फुस वाली मड़ई की ओरियानी चु रही हो। उसी मड़ई में आप खटिया पर लेटकर 'गबन' पढ़ रहे हों! तभी पुरवैया हवा के झोंके से उड़कर आई बारिश की चंद बूंदें देह को छूती हैं! उस समय यह महसूस करना कठिन हो जाता है कि प्रेमचंद्र की लेखनी में ज़्यादा रोमांच है या बारिश की बूंदों में। शायद कलम की जादूगरी इसे ही कहा जाता है।

पिछले कुछ दिनों से हंस के वर्तमान संपादक का वो ब्यान काफ़ी चर्चा में है। जिसमें उन्होंने कथाकार प्रेमचंद्र की दो-तीन रचनाओं को छोड़कर अन्य को कूड़ा-करकट बताया है। इन संपादक महोदय का नाम संजय सहाय है। कुछ साहित्यकारों व लेखकों को छोड़कर शायद ही किसी ने इनका नाम पहले सुना हो। लेकिन विवादस्पद ब्यान के बाद वे एकाएक (कु) चर्चित हो गए हैं। सोशल साइट्स पर इन्हें लोगों ने घेरना शुरू कर दिया है।

अफ़सोस ये है कि यहां भी गुटबाज़ी होने लगी है। जिसके कारण कुछ लिक्खाड़ उनके समर्थन भी में खड़े होकर मोर्चा खोल लिए हैं। इस डिजिटल युग में फेसबुक, व्हाट्सएप्प, यूट्यूब, टिकटॉक, वेबसीरीज के मायाजाल में फंसी, तीसरी या चौथी पीढ़ी भले ही लहालोट हों। लेकिन 90 के दशक में होश संभाले मेरे जैसे करोड़ों ग्रामीण व कस्बाई युवकों ने प्रेमचंद्र को ही पढ़कर साहित्य का 'स' जाना। तब वे लेखनी का एक बड़ा ब्रांड हुआ करते थे, वैसे तो हम आज भी मानते हैं।

उनकी लेखनी का सच में कोई जोड़ा लगाने वाला नहीं। मानवीय भावनाओं पर वे जितनी पकड़ रखते थे। वो बिरले ही किसी लेखक को नसीब होती होगी। तभी तो उनके रचित पात्रों के संवाद बिल्कुल जीवंत हो उठते थे। कहना चाहूंगा कि मैंने हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उनकी सभी कहानी संग्रह पढ़ डाली थी। इसमें कफ़न, पूस की रात, ईदगाह, पंच परमेश्वर तो भुलाए नहीं भूलतीं। साथ ही गोदान, गबन, कर्मभूमि, निर्मला, सेवासदन जैसे कालजयी उपन्यास को तो पढ़कर चाट डाला था।

इन उपन्यासों या कहानियों के गोबर, होरी, झुनिया, पंडित मातादीन, निर्मला, मिस मालती, हल्कू, हामिद, घीसू जैसे दर्जनों पात्र अभी भी स्मृति में अमर हैं। अंग्रेजी हुकूमत की सच्चाई को उजागर करते हुए, लेखन का जबर्दस्त करिश्माई जाल रचते थे साहब! वे एक साथ कई बिंबों को उकेर देते थे। चाहें वो गांव के दलितों, मजदूर-किसानों की दुर्दशा हों, जमींदारों का शोषण हों, बनियों की मुनाफाखोरी हों, शहरी जीवन के रंगीनियां या स्याह पक्ष हों।

ज़नाब, स्त्री चरित्र चित्रण के मामले यानी नारी के उदार और कठोर स्वभाव को बखूबी दर्शाने की कला में भी माहिर थे। ये प्रेमचंद्र ही थे, जो अपनी रचना में कभी जमींदार को अत्याचारी तो कभी उदार, महिला को किसी जगह पीड़ित, शोषित लाचार तो कहीं सशक्त, आधुनिक बनाकर प्रस्तुत कर देते थे। इतनी लेखकीय विविधताएं और कहां पढ़ने को मिलेगी? लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस 'हंस' पत्रिका की शुरआत वे कर रहे हैं। भविष्य में उसी पत्रिका में कोई मनबढ़ उनकी रचना को इतनी ओछी उपाधि देगा।

इन दिनों भले ही शहरी या महानगरीय चकाचौंध से आकर्षित युवा पीढ़ी में अंग्रेजी या हिंगलिश लेखकों की बाढ़ आ गई है। जो देश की महज़ तीस प्रतिशत खाती-पीती, अघाई आबादी को ध्यान में रखकर लिखते हैं। उनकी अंग्रेजी की कचरा किताबें भी बेस्ट सेलर बन जाती हों। इनमें गिने-चुने लेखक करोड़ों रुपए की रॉयलिटी भी कमा रहे हैं। लेकिन लिखकर रख लीजिए, फ़ास्ट फ़ूड की तरह इनकी भी कृति एक दिन कचरे के डिब्बे में फेंकी जाएंगी।

और किसी को भी दूसरा प्रेमचंद्र, शरतचन्द्र, रामवृक्ष बेनीपुरी, रामधारी सिंह दिनकर, गोपाल सिंह नेपाली और फणीश्वरनाथ रेणु आदि बनने के लिए, क्रमशः लमही (बनारस), देवनन्दपुर (प. बंगाल), बेनीपुर (मुज्जफरपुर), सिमरिया (बेगूसराय), रामनगर (बेतिया) और औराही हिंगना (फारबिसगंज) जैसी जगहों की खालिस मिट्टी में जन्म लेना होगा! गंडक, सिकरहना, बागमती, सरयू, गंगा  जैसी तमाम नदियों के पानी में डुबकी लगानी होगी!

गौर फ़रमाइए, यहां की उर्वरा मिट्टी में लोटाकर पले-बढ़े लोग कला और साहित्य संगीत जगत का 'अनमोल नगीना' बनकर निकलते रहे हैं, निकलते रहेंगे।

©श्रीकांत सौरभ




19 June, 2020

क्या सच में बिहार के नियोजित शिक्षक बोझ हैं?

जब भी नियोजित शिक्षकों के बारे में लोगों की उल्टी-सीधी प्रतिक्रिया पढ़ता हूं। मन बेचैन हो जाता है। यदि कोई शिक्षक फेसबुक पर वेतनमान की मांग वाला पोस्ट करता है। या अपने अधिकारों को लेकर आवाज़ उठाता है। तो जवाब मिलता है, "उतने ही तेज थे पढ़ाई में, फिर आईएएस, आईपीएस, बीडीओ, डॉक्टर, इंजीनियर क्यों नहीं बन गए?" "जितना मिल रहा है उतना के भी लायक नहीं हो।" "पांच हजार रुपए में प्राइवेट वाले पढ़ाते हैं। तुमको इतना में पेट नहीं भरता।" आदि-आदि।

अब इन लोगों को कौन समझाए कि कोई शिक्षक उपरोक्त पद भले ही हासिल कर नहीं पाया हो। लेकिन अपनी काबिलियत से दूसरे बच्चों को इन पदों पर जाने के लायक जरूर बना देता है। आप ही बताइए, क्या शिक्षक इंसान नहीं होते? आज की महंगाई में प्राइवेट स्कूलों के 05 से 15 हजार रुपए की मामूली सैलरी में क्या कोई आदमी पांच से सात लोगों का पारवारिक खर्च चला सकता है? क्या शिक्षकों को अच्छे घर, कपड़े, वाहन की जरूरत नहीं है? बिहार में शिक्षकों के प्रति आम जनों की सोच नकारात्मक कब, क्यों और कैसे बन गई? इस मुद्दे पर सकारात्मक मंथन जरूर होना चाहिए।

मैं वर्ष 90 के दशक में गांव के उस सरकारी विद्यालय से पढ़कर निकला हूं, जो दो कमरे का खपड़ेंनुमा मकान था। 150 बच्चों पर महज़ दो शिक्षक थे। प्लास्टिक का बोरा बिछाकर पढ़ाई किया था, यह व्यवस्था आज भी है। तब ना एमडीएम था, ना ही कपड़े, साइकिल या छात्रवृति मिलते थे। लेकिन शिक्षकों के प्रति लोगों में जो सम्मान था। उसका 10 प्रतिशत भी आज नहीं है। उस समय शिक्षक नाम से ही बच्चे भय खाते थे। और वो 'भय', गलती को लेकर पिटाई का था। उनके प्रति सम्मान का था।

लेकिन अब स्थिति भयावह है, और यहां तक पहुंचने में दो दशक लगे हैं। बता दूं कि वर्ष 02 में बीपीएससी से बड़े पैमाने पर स्थायी शिक्षकों की वैकेंसी निकली थी। मैं उन दिनों पटना में स्नातक कर रहा था। लंबी लाइन में लगकर जीपीओ से फॉर्म ख़रीदा था। लेकिन कोर्ट के आदेश पर बहाली रोक दी गई। वर्ष 05 में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने 'सर्टिफिकेट दिखाओ नौकरी पाओ' की तर्ज पर पंचायतों में प्रारंभिक स्कूलों में बहाली शुरू की।

सरकार की नीयत 15 सौ रुपए में वैसे साक्षर युवकों को भर्ती करने की थी। जो जनगणना, सर्वे, चुनाव या अन्य सरकारी कार्य करा सकें, बच्चों को एमडीएम खिला सकें। समय मिले तो अक्षर ज्ञान भी दे सकें। मुखिया व प्रमुख को जिम्मेवारी मिली थी नियुक्त करने की। स्वाभाविक है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई (वो तो आज भी नहीं बरती जा रही है)। इसीलिए बड़े पैमाने पर फर्जी कागज़ात लगाकर बेरोजगार भी शिक्षक बन गए। आए दिन मीडिया में ऐसे फर्जी शिक्षकों का नियोजन रद्द होने की ख़बरें आती ही रहती हैं।

और नियोजन वर्ष 08-10 तक में यहीं 'खेला' चलता रहा। इस दौरान कई योग्य शिक्षक दूसरी नौकरियों में भी चयनित होकर जाते रहे। वर्ष 09 में, देश में आरटीआई (शिक्षा का अधिकार) कानून लागू हो गया। इसके मुताबिक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र वाले अभ्यर्थियों का टीईटी लेकर स्थायी शिक्षक के रूप में नियुक्त करना था। जिन्हें मानदेय नहीं वेतनमान देना था। इसी आधार पर बिहार में वर्ष 11 में बड़े पैमाने पर टीईटी लिया गया। केवल कक्षा 01 से 05 में 26 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। जिसमें 03 प्रतिशत यानी 82 हजार लोग पास हुए थे।

तब प्रशिक्षित अभ्यर्थी नहीं थे। इसीलिए सरकार ने एनसीटीई से अनुमति लेकर नियोजन का काम शुरू किया। और आरटीई कानून को दरकिनार कर पुरानी सेवा शर्त पर ही, 09 हजार रुपए के मानदेय पर नियोजन हुआ। वर्ष 15 में शिक्षकों के हड़ताल और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार ने शिक्षकों की नौकरी स्थायी तो कर दी। लेकिन 'चाइनीज' सेवा शर्त वाले वेतनमान और नियोजित के ठप्पे से मुक्ति नहीं मिली।

वहीं शिक्षकों की माने तो शिक्षा विभाग वेतनमान देने के नाम पर कम बजट का रोना रोती है। जबकि बजट का एक बड़ा हिस्सा गैर जरूरी 'लोक लुभावने' कामों में खर्च कर देती है। यहीं नहीं सुप्रीम कोर्ट में जब वेतनमान का मामला पहुंचा। इस पर बिहार सरकार ने हलफनामा दायर कर कहा कि नियोजित शिक्षक सरकारी कर्मी नहीं हैं। न्यायालय ने भी फ़ैसला सरकार के पक्ष में ही सुनाया, टीईटी शिक्षकों के लिए 'पैरा 78' की चर्चा करते हुए।

सवाल यह भी उठता है, सरकारी की गलत चयन नीति का ठीकरा दूसरे पर क्यों फोड़ा जाए? पूर्व के नियोजित शिक्षकों से, वर्तमान में बहाल योग्य शिक्षकों की तुलना कर सभी को नीचा दिखाना कहां तक उचित है? सोचिएगा, कहीं आपकी इस कुंठित सोच से हजारों नौनिहालों का भविष्य तो नहीं बर्बाद हो रहा? याद रखिए, कल को आपका लड़का भी अच्छी पढ़ाई कर जॉब के लिए मैदान में उतरेगा। उसे भी इसी ठेका प्रथा वाली दमनकारी सिस्टम का हिस्सा बनकर पीसना पड़ेगा।

क्योंकि या तो सरकारी नौकरी ही नहीं बचेगी, या रहेगी भी तो नियोजन वाली। और ऐसा हो भी रहा है। कल तक जो पड़ोसी या रिश्तेदार इन शिक्षकों से जलते थे। एक ही स्कूल में कार्यरत स्थायी शिक्षक अपने ही नियोजित सहकर्मी को हीन और छूत समझते थे। उनकी बेबसी पर हंसते थे। आज उन्हीं का होनहार लड़का पढ़ाई में ख़ूब नम्बर लाकर, बीएड, सीटेट, नेट निकालकर, प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में 15 से 25 हजार के रुपए की मामूली तनख्वाह पर गुजारा कर रहा है। आख़िरकार लोग इस भ्रम से कब निकलेंगे कि सरकारी शिक्षकों पर खर्च करना ख़ैरात लुटाना नहीं है।

यक़ीन नहीं तो कम से कम दुनिया के जितने भी विकसित देश हैं। वहां की शिक्षा प्रणाली का अध्ययन जरूर कर लीजिए। गारंटी है आपकी आंखें खुल जाएंगी। यह जगज़ाहिर है कि मातृभाषा और प्राथमिक शिक्षा को मजबूत किया बिना किसी समाज की तरक्क़ी नामुमकिन है। लेकिन यहां पर उपरोक्त दोनों बुनियादी चीजों का चौपट होना, किस बात की ओर इशारा करता है, यह भी गौर करने लायक है। क्या सूबे की बदहाली का एक बड़ा कारण ये भी नहीं है?

अभी की स्थिति ये है कि विद्यालयों में बच्चों के अनुपात में शिक्षकों की भारी कमी है। जबकि हजारों बेरोजगार युवकों के पास डीएलएड, बीएड, टीईटी, सीटीईटी का प्रमाणपत्र है। एक तरफ़ वे नौकरी के लिए सड़क पर संघर्षरत हैं, वहीं दूसरी तरफ़ नियोजित शिक्षक वेतनमान के लिए। जबकि सूबे के 70 प्रतिशत बच्चे प्राथमिक शिक्षा के लिए सरकारी विद्यालयों पर ही आश्रित हैं। ऐसे में इन स्कूलों में पारदर्शी तरीके से वेतनमान के आधार पर पर्याप्त संख्या में शिक्षकों को नियुक्त नहीं करना। क्या इन लाखों गरीब, किसान, मजदूर परिवार के बच्चों के साथ हकमारी नहीं है?

©श्रीकांत सौरभ


17 June, 2020

डियर सुशांत, सहानुभूति तुमसे नहीं, बिहारी कलाकारों की बदक़िस्मती से है

प्रिय सुशांत,

नमस्ते अलविदा!

मुझे पता है, यह चिट्ठी तुम तक नहीं पहुंच पाएगी। फिर भी लिख रहा हूं, बिना किसी आसरा के। इसमें कोई शक नहीं, एक मंजे हुए अभिनेता के रूप में करोड़ों हिंदी भाषियों के दिलों पर तुम राज कर रहे थे। तभी तो तुम्हारे जाने के बाद लाखों फैन, कला प्रेमियों, बुद्धिजीवियों ने, ना जाने कितने पोस्ट लिखे होंगे।

सबने भावुक शब्दों के तीर से फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम का कलेजा छलनी-छलनी कर दिया। जिसे देखों सलमान खान, करण जौहर, एकता कपूर, कपूर खानदान को जी भर गालियां और आहें भर बद्दुआ दे रहा है। लेकिन देख लेना, हर बार की तरह यह मुद्दा कुछ दिनों तक ही चलेगा। फिर कोई नया मामला आएगा और लोग तुम्हें भूल जाएंगे।

रही मेरी बात तो सच कहता हूं। मुझे सहानुभूति तुम्हारी मौत से नहीं, वहां संघर्षरत सैकड़ों बिहारी कलाकारों की बदक़िस्मती से है। मन में आक्रोश है बॉलीवुड के उस घिनौने चलन के खिलाफ़। जिसमें कलाकार को 'रेस का घोड़ा' समझा जाता है। मुम्बई जैसी मायानगरी में फ़िल्मों के क़िरदार निभाते-निभाते आदमी स्वाभाविक रह भी कहां जाता है।

विडंबना ये है कि दूसरे परिवेश से आया कोई भी अभिनेता उधार की जीवन शैली में भले ही ख़ुद को ढाल ले। लेकिन वो संस्कृति उसे नहीं अपना पाती, इतना तो तय है। अपनी जड़ों से कटा आदमी डाल का चूका बंदर के समान होता है। हमारे शास्त्रों में मातृ, पितृ और देव ऋण की चर्चा यूं ही नहीं की गई है।

ख़ैर, मां तो तुम्हारी बहुत पहले चल बसी थीं। शायद ही कभी तुम घर, परिवार में किसी से मातृभाषा मैथिली में बतियाए भी होगे। और मातृभूमि के लिए कुछ करना तो दूर, पिछले वर्ष आए भी थे तो 17 वर्षों के बाद। तुम्हें कितना अपनापन था यहां की मिट्टी से, उसका सहज अंदाज़ा लगाया जा सकता है। यदि इससे जुड़े रहते तो, मुझे पूरा यक़ीन है कि आत्महत्या की नौबत नहीं आती।

मरने से पहले एक बार, पटना के राजीव नगर में तन्हां जीवन गुजार रहे बीमार पिता के बारे में तो सोचा होता। लेकिन नहीं, तुम सोचते भी कहां से। तुम तो वर्षों से उस सपनीले शहर का हिस्सा बन गए थे। जिसकी चकाचौंध किसी भी सेलिब्रिटी का दिमाग हैक कर लेती है।

सफ़लता की ख़ुमारी में आदमी इतना मतलबी हो जाता है कि मां, बाप, परिवार जैसी चीजें बहुत पीछे छूट जाती हैं। और दौलत, शोहरत, लिव इन रिलेशन... की चिंता खाए रहती है।

जब कोई अपनी मिट्टी, अपनी भाषा छोड़कर, दूसरी जगह अपनी प्रतिभा दिखाने जाएगा। और उसका सामना वहां के रीति-रिवाज, चलन और मठाधीशों से होगा। ऐसी स्थिति में 'रेस का घोड़ा' या 'कोल्हू का बैल' जो भी कहें, बनना ही पड़ेगा।

जबकि इसी देश में दक्षिणी राज्य भी हैं, जहां तमिल, तेलगु, मलयालम, कन्नड़ फिल्में बनती हैं। उनकी भाषा में, उन्हीं की ज़मीन पर पूरी फ़िल्म तैयार होती है। गुणवत्ता के मामले में ये फिल्में हॉलीवुड को टक्कर देते हैं। यहीं नहीं उड़िया, गुजराती, बंगाली, मराठी फिल्मों का भी अपना क्रेज है।

12 करोड़ की आबादी जापान की है और पूरी दुनिया में उसकी कोई सानी नहीं। लेकिन इतनी ही आबादी वाले बिहार के रहनिहार महज़ मैन पावर और खरीदार भर हैं। हम पैदा ही होते हैं पलायन करने के लिए। दूसरी जगहों पर जाकर मरने-खपने के लिए।

वैसे भी जिस राज्य में मां, मातृभूमि और मातृभाषा कभी गर्व का विषय नहीं रहा। उसमें स्वाभिमान या अस्मिता की भावना जागेगी भी कैसे? जहां के रहनिहार को मातृभाषा बोलने में भी शर्म आती हो। वहां साहित्य, संगीत या सिनेमा की कल्पना करना बेमानी ही होगी।

चलते-चलते मैं कहना चाहूंगा कि यदि ईश्वर तुम्हें मिलें। तो उनसे जरूर निहोरा करना कि या तो हमारे बदहाल राज्य की सूरत बदल दें। जिससे कोई मजबूरी में पलायन नहीं करे। अन्यथा किसी को यहां की धरती पर भेजे ही नहीं।

तुम्हारा,

©श्रीकांत सौरभ