सबसे अच्छा कंटेंट अभी बाकी है, आते रहिएगा

13 May, 2020

संस्मरण, भाग- 01) भगवान का शुक्र है कि फुल टाइमर पत्रकार नहीं बना

सभी के जीवन में उम्र का एक ऐसा पड़ाव भी आता है। जब वह करियर के उस मुहाने पर खड़ा होता है। जहां तय करना होता है, कौन सा स्टैंड लें? हालांकि 20 प्रतिशत युवक मैट्रिक या इंटर के बाद ही अपना लक्ष्य तय कर लेते हैं। इसमें उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि, सोच और सही दिशा में ली गई शिक्षा आदि चीज़ें काम आती हैं।

लेकिन तकनीकी डिग्री के बजाए कला से स्नातक करने वाले 80 प्रतिशत युवक। 'क्या करें, क्या न करें' के तर्ज पर असमंजस की मनोस्थिति से जरूर गुजरते हैं। शायद एकेडमिक पढ़ाई में औसत रहने के कारण मैं भी इन्हीं असमंजसों की जमात में शामिल था।

मोतिहारी के एमएस कॉलेज से आईएससी करने के बाद दिल्ली गया था। बीसीए करने। लेकिन वहां की आबो-हवा में मन नहीं रमा। इरादा बदल लिया। एक बात साफ कह दूं कि पापा जी के दबाव के चलते इधर-उधर की 'जुगाड़' से विज्ञान में बारहवीं कर लिया। नहीं तो साइंस से अपना छतीस का आंकड़ा रहा है। मेरे लिए गणित का मतलब जोड़, घटाव, गुणा, भाग से ज्यादा कुछ नहीं रहा। अलजबरा के समीकरण, साइन, कौस, टैन के मान और ज्यामिति की सीधी, आड़ी, तिरछी रेखाएं। जागते हुए कौन कहे, सपने में भी आकर डरा देते।

दिल्ली में आठ महीने बिताने के बाद ही पटना लौट गया। आर्ट से स्नातक कर प्रशासनिक सेवा की तैयारी के लिए। जैसा कि इस उम्र में मेरी तरह अधिकांश युवक का सपना होता है। राजकीय या संघीय कमीशन का एंट्रेंस निकालना। खैर, वर्ष 05 में आरपीएस कॉलेज, पटना से राजनीति विज्ञान से स्नातक कर रहा था। सेकेंड ईयर की परीक्षा दी थी। पारिवारिक स्थिति चरमराने के चलते जॉब की संभावना भी तलाशने लगा।

मेरा रहना बाजार समिति के पास जय महावीर कॉलोनी कॉलोनी में होता। और राजेन्द्र नगर के एक निजी संस्थान में क्लर्क और पीओ की तैयारी कर रहा था। वर्बल, नन वर्बल रिजनिग, अंग्रेजी के सिनोनिम्स, एनोनिम्स और गणित के लॉजिक में माथा खपाना पड़ता। इतना कि इनको सुलझाते हुए खुद भी उलझते जा रहा था।

यह दौर था, जब बिहार को 'जंगल राज' की उपाधि से छुटकारा मिले महज दो वर्ष ही हुए थे। केंद्रियों नौकरियों में रेलवे और बैंक का जबर्दस्त क्रेज़ था। राज्य में सरकारी नौकरी की जल्दी वैकेंसी ही नहीं निकलती थी। कुछ निकलतीं भी तो लेटलतीफी का शिकार हो जातीं। या फिर न्यायपालिका के चौखट पर न्याय की गुहार लगाने लगतीं। बिल्कुल आज ही की तरह।

हां इतना जरूर था। सचिवालयकर्मियों से लेकर जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तर तक कंप्यूटर ऑपरेटर, शिक्षक नियोजन, मनरेगाकर्मियों की बहाली की प्रक्रिया जारी थी। राज्य में कोरोपोरेट सेक्टर अभी पांव पसार रहे थे, जमे नहीं थे। प्राइवेट जॉब के लिए एमबीए, एमसीए कर बड़े शहरों में जाना होता।

बता दूं कि मुझमें बचपन से ही भावुकता और संवेदनशीलता कूट-कूटकर भरी है। अनुभूति स्तर गहरा होने के चलते साहित्य, अध्यात्म और संगीत में रुचि रही है। पटना प्रवास के दौरान एक संगीतज्ञ के सान्निध्य में कई तरह के वाद्य यंत्र बजाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद भी इसमें सफलता नहीं मिली। लेकिन संगीत की प्रारंभिक समझ जरूर आ गई।

उसी तरह किताबें पढ़ने का बेहद शौक़ीन आदमी रहा हूं। इतना कि कोर्स की किताबें छोड़कर सब कुछ पढ़ना मंजूर रहता। मैट्रिक तक आते-आते नंदन, क्रिकेट सम्राट, बालहंस, सरस सलिल, अखंड ज्योति, कॉमिक्स, सत्य कथा, सरिता, गृह शोभा, मनोहर कहानियां, प्रेमचंद से लेकर वेदप्रकाश शर्मा के उपन्यास हों या फिर अखबार। पढ़ने का कोई मौका नहीं छोड़ा।

तीन घण्टे में पन्ना दर पन्ना उपन्यास चाट डालता था, चाहे कोई भी हो। मेरा पढ़ने का स्पीड उतना ही था। जितने स्पीड में आज एंड्राइड मोबाइल पर दाएं हाथ की रिंग फिंगर चलती है। और गूगल हिंदी इनपुट से रोमन में टाइप कर देवनागरी लिख लेता हूं।

गांव में रहते हुए भी, अपने जाने नंदन का कोई अंक मिस नहीं करने का भरपूर प्रयास किया। हां, उन दिनों पैसे देकर दूसरों से मंगाना पड़ता। और मैट्रिक के बाद जब शहरों में रहना हुआ। पत्रिकाएं ही ज़िंदगी बन गईं। किताबों का चस्का ऐसा लगा कि कुछ नहीं करने की हद तक पढ़ने से दीवानगी हो गई।

उन दिनों बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन के व्हीलर पर कई तरह की किताबों और पत्रिकाओं की भरमार रहती। सजाकर या लटकाकर रखी गई उन पत्रिकाओं को घूर-घूरकर ललचाई नजरों से निहारने का अलग ही क्रेज था (इन जगहों पर पत्रिकाएं आज भी सजती हैं। लेकिन तब वाली फिलिंग नहीं आ पाती)। खरीदने के बहाने पत्रिकाओं को उठाकर सरसरी निगाहों से पलटने में ही मेरी कितनी ट्रेनें छूटी थीं।

मैंने क्या-क्या पढ़ा? यदि आप यह जानना चाहेंगे तो मेरा जवाब होगा। क्या नहीं पढा यह पूछिए? कुल जमे इतना ही समझ लीजिए। वर्ष 00 तक का दशक ही ऐसा रहा। जिन्हें पढ़ने का चस्का रहता था। वे कुछ भी नहीं छोड़ते थे। वो चाहे पुरस्कृत किताबें, लुगदी साहित्य, मस्त राम, दफा 376 जैसे पोर्न या इरोटिक डाइजेस्ट हों या फिर गीता, रामायण, सत्यार्थ प्रकाश, कुरान, बाइबल।

एक दिन मन में यूं ही ख्याल आया। क्यों नहीं पत्रकारिता की जाए? अखबार में एक मासिक क्षेत्रीय पत्रिका का विज्ञापन देखा। फ्रेजर रोड के एक अपार्टमेंट में कार्यालय था। रेंजर साइकिल की सवारी थी अपनी। चलाकर पहुंच गया। अंदर में एक अधेड़ सांवली सूरत वाले शख्स चश्मा लगाए बैठे मिले। उनसे सटे ही एक युवती बैठी थी।

चश्मे के उपर से आंखें जमाते हुए बोले, "कहिए क्या काम है?"

"पत्रकार बनना है।", मेरा जवाब था। यह सुन उन्होंने कहा, "इसके लिए आपको हमारे संस्थान से ट्रेनिंग लेनी होगी। 15 दिनों की। इसमें 1500 रुपए का खर्च आएगा। उसे आप जमा करा दे। ट्रेनिंग के बाद आपको आई कार्ड भी मिलेगा।"

उनकी बातें सुनते हुए ध्यान उनके चेहरे पर गया। बिल्कुल नपे-तुले शब्दों में बोलते हुए वे माहिर प्रोफेशनल लग रहे थे। रुपया का नाम सुनते ही मेरे दिमाग में घण्टी बजने लगी, 'गोलमाल है भाई सब गोलमाल है।' पता नहीं क्यों, उनकी सूरत देखकर ही सीरत का अंदाजा भी लगा लिया।

भले ही इस क्षेत्र में नया था। जहां के चाल, चरित्र और चेहरा से वाकिफ नहीं था। लेकिन मूर्ख तो नहीं ही था। अभी तक सुन रखा था कि काम के बदले पैसे मिलते हैं। यहां तो उल्टी स्थिति थी।

कुछ सोचकर मैंने कहा, "ठीक है। इस बावत जल्द मिलेंगे। अपने साथ रोलदार चार पन्ने पर लिखे एक आलेख को उनकी तरफ बढ़ाया।

और कहा, "देख लीजिए। लेखन सामग्री छपने लायक हो तो जगह दीजिएगा।" और वहां से मैं निकल लिया।

संस्मरण आगे भी जारी...

@श्रीकांत सौरभ (रोजी-रोटी के लिए टीईटी शिक्षक के तौर पर नियोजित हूं। ख़ुद को अपनी शर्तों पर ज़िंदगी गुजारने वाला। निहायत ही देहाती, गंवार, आलसी, वैचारिक आवारा क़िस्म का इंसान मानता हूं। किसी क्षेत्र की सेलिब्रिटी नहीं हूं, जिससे मेरा संस्मरण पढ़कर कोई प्रेरित हो सके।)